पाकिस्तान

अल्ला हू अकबर तहरीक के टिकट पर आतंकी हाफिज का बेटा और दामाद लड़ेगा चुनाव

हाफिज सईद की मिल्‍ली मुस्लिम लीग पार्टी ने पाकिस्‍तान नेशनल असेंबली के चुनाव में 259 प्रत्‍याशी मैदान में उतारे हैं।
2 min read
• •
Updated: 22 Jun 2018, 10:13 AM IST
hafiz saeed
अल्ला हू अकबर तहरीक के टिकट पर आतंकी हाफिज का बेटा और दामाद लड़ेगा चुनाव

लाहौर। पाकिस्तान में 25 जुलाई को राष्ट्रीय और प्रांतीय असेंबली का चुनाव होगा। इस चुनाव में आतंकी हाफिज सईद की राजनीतिक पार्टी मिल्‍ली मुस्लिम लीग (एमएमएल) संगठन जमात उद दावा को चुनाव आयोग ने एक राजनीतिक पार्टी के रूप में मान्‍यता नहीं दी है। इसके बावजूद चुनाव आयोग में पंजीकृत छोटी पार्टी अल्‍ला हू अकबर तहरीक के टिकट पर हाफिज सईद ने 259 उम्‍मीदवार मैदान में उतारे हैं। इन प्रत्‍याशियों में मास्टर माइंड हाफिज सईद का बेटा और दामाद भी शामिल है। हालांकि पाक में होने वाले चुनावों में हाफिज सईद खुद मैदान में नहीं है। आपको बता दें कि पाकिस्‍तान नेशनल असेंबली में कुल 372 सीटें हैं। इनमें से 272 सीटों पर प्रत्‍यक्ष रूप से चुनाव होता है। शेष 70 सीटें महिलाओं और धार्मिक अल्‍संख्‍यकों के लिए आरक्षित है।

हाफिज की पार्टी को नहीं मिली मान्‍यता
हाफिज सईद ने अपने राजनीतिक मोर्चे की शुरुआत मिल्ली मुस्लिम लीग (एमएमएल) नाम से की है। लेकिन पाकिस्तान निर्वाचन आयोग ने एमएमएल का राजनीतिक दल के रूप में पंजीयन करने से मना कर दिया था। एमएमएल के पंजीकरण का पाकिस्‍तान के गृह मंत्रालय ने यह कहकर विरोध किया था कि एमएमएल जमात उद दावा की एक शाखा है जिसका नेतृत्व हाफिज सईद करता है और उस पर संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंध लगा रखा है। आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के चलते हाफिज सईद पर अमरीका ने एक करोड़ डॉलर का इनाम रखा है।

पाक की राजनीति में सीधे हस्‍तक्षेप की तैयारी
एमएमएल को यूएन और अमरीकी प्रतिबंधों की वजह से मान्‍यता नहीं मिलने के बाद जमात उद दावा ने आयोग में पंजीकृत और वहां की छोटी पार्टी से चुनाव लड़ने का फैसला किया। इस पार्टी का नाम अल्ला हू अकबर तहरीक है। अब हाफिज के प्रत्‍याशी इस पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में है। एमएमएल के प्रवक्‍ता का कहना है कि अल्‍हा हू अकबर तहरीक ने जेयूडी के सभी समर्थित प्रत्‍याशियों की उम्मीदवारी स्वीकार कर ली है। एमएमएल के एक नेता ने बताया कि हाफिज सईद का बेटा हाफिज ताल्हा सईद एनए 91 सीट से जबकि उसका दामाद हाफिल खालिद वलीद एनए 133 सीट से अल्ला-हू-अकबर तहरीक के चुनाव चिन्ह कुर्सी से चुनाव लड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अगर हाफिज सईद के उम्‍मीदवारों को चुनावी सफलता मिलती है तो मॉस्‍ट वांटेड आतंकी हाफिज इन्‍हीं चुने हुए नुमाइंदों के बल पर पाकिस्‍तान पर राज करेगा और भारत से बदलना लेने के वादों को पूरा करने का काम करेगा।

Published on: