पुलवामा के बाद शांति बहाली का कदम वाघा सीमा पर भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सौंपे जाएंगे मछुआरे दोनों देशों की जेलों में बंद हैं सैकड़ों मछुआरे
इस्लामाबाद।पाकिस्तान ने रविवार को 100 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया।दोनों देशों के संबंधों में आए तनाव के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है। पाक मीडिया की खबरों में बताया गया है कि सद्भावना मिशन के तहत रविवार को 100 भारतीय मछुआरों को रिहा किया गया। ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर के मुताबिक दोनों देशों के संबंधों को सुधरने के मद्देनजर इन कैदियों की रिहाई की गई है। ये सभी कराची की जेल में बंद थे।
भारतीय मछुआरे रिहा
पाक अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबरों के मुताबिक रिहा किये जाने के बाद इन कैदियों को भारी सुरक्षा के बीच कराची रेलवे स्टेशन ले जाया गया। यहां से उन्हें लाहौर जाने वाली अल्लामा इकबाल एक्सप्रेस में चढ़ाया गया। लाहौर से उन्हें वाघा सीमा पर ले जाया जाएगा, जहां उन्हें भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। इन मछुआरों को पाक जलक्षेत्र में घुसने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन करने को लेकर गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह 360 भारतीय कैदियों को आपसी सद्भाव बढ़ने के लिए चार चरणों में रिहा करेगा।
जेलों में बंद हैं सैकड़ों मछुआरे
दोनों देशों की जेलों में सैकड़ों की तादात में मछुआरे कैद हैं। अरब सागर में कोई निश्चित सीमा विभाजन न हो पाने के चलते मछुआरे अक्सर एक दूसरे के जल क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं। पाक विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने इस्लामाबाद में शुक्रवार को मीडिया से कहा था, "हम सद्भावना के तहत पहल कर रहे हैं। आशा है कि भारत भी इसी तरह का कदम उठाएगा।" उन्होंने कहा कि पाकिस्तान 360 भारतीय कैदियों को रिहा करेगा जिनमें 355 मछुआरे हैं। इन मछुआरों की रिहाई की फंडिंग करने वाली संस्था ईदी फाउंडेशन के प्रवक्ता अनवर काजमी ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि मछुआरों की रिहाई शनिवार से होगी।
विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..