
इमरान खान का बयान, लोकसभा चुनाव जीतने के लिए BJP बना रही युद्ध का माहौल
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एकबार फिर भारत की सत्तारूढ़ बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमान F-16 को लेकर आए अमरीकी रिपोर्ट के बहाने इमरान ने बीजेपी पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी युद्धोन्माद बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी पर इमरान ने लगाए आरोप
इमरान खान ने ट्विटर पर लिखा कि सत्य की हमेशा जीत होती है और यही हमेशा सर्वश्रेष्ठ नीति रही है। भाजपा का युद्धोन्माद बढ़ाकर चुनाव जीतने का प्रयास और पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के झूठे दावे की अमरीकी रक्षा अधिकारियों ने पोल खोल दी है। उन्होंने पुष्टि की है कि पाकिस्तानी बेड़े से कोई एफ-16 विमान गायब नहीं है।
अमरीकी दावे से खुश हुआ पाक
बता दें कि अमरीका की एक मैगजीन की रिपोर्ट में कहा गया था कि अमरीकी अधिकारियों ने दावा किया कि पाकिस्तानी बेड़े में एफ-16 विमानों की संख्या पूरी है और कोई विमान लापता नहीं है, जिसके बाद यह मुद्दा फिर गर्मा गया है। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने दोहराया था कि उसने 27 फरवरी को पाकिस्तानी वायुसेना के एफ-16 लड़ाकू विमान को गिराया था। विंग कमांडर अभिनंदन ने मिग 21 से पाकिस्तान में करीब आठ किलोमीटर अंदर घुसकर अंजाम दिया था।
Published on:
6 Apr 2019, 9:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.