
सुमेरपुर उपखंड के जवाई बांध ग्राम पंचायत के बलवना गांव में पहाड़ी पर स्थित आशापुरा माताजी व सिकोतर माताजी के मेले में श्रद्धा का अदभुत नजारा देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर धोक लगाई और मनौती मांगी। पूर्व सरपंच पुष्पादेवी सीपा व पूर्व पंचायत समिति सदस्य जयनारायण सीपा के परिवार के निवास से महिला व पुरुष परंपरागत वेशभूषा में सज-धजकर सुबह गाजे-बाजों के साथ धर्म ध्वजा लेकर पैदल पहाड़ी पर स्थित माता के दरबार पहुंचे। मंदिर में सिकोतर माता व आशापुरा माताजी, ओंकारेश्वर महादेव, बाबा रामदेवजी महाराज व काला गौरा भेरूजी का फूल-मालाओं से श्रंगार किया।
पूजा-अर्चना, महाआरती व धार्मिक अनुष्ठान हुआ। इसके बाद माता के मंगल गीतों, जयकारों और गाजे-बाजों के साथ जयनारायण सीपा परिवार की ओर से पांचों मंदिरों के शिखर पर धर्म ध्वजा चढ़ाई गई। मेले की पूर्व संध्या पर मंदिर प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन गायिका सोनू सिसोदिया एंड पार्टी ने गणपति वंदना से भजनों की शुरुआत की। सोनू सिसोदिया ने गली-गली गाने लगी, ऐसी लागी लगन... मीरा हो गई मगन..., लक्ष्मण जैसा भाई, वन चले राम रघुराई..., ॐ नमः शिवाय, ओ भोलेनाथ शेष नाग लिपटाइयो..., एक राधा एक मीरा..., सांसों की माला में सिमरूं मैं पी का नाम... समेत माताजी व रामदेवजी के एक से बढ़कर एक भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन गायक महेंद्र गोयल लालराई ने भी देर रात तक भजन पेश किए। इस दौरान अतिथियों का सम्मान किया गया और भजन संध्या का लाइव प्रसारण भी किया गया।
यात्रियों की सुविधा के लिए तलहटी से मंदिर तक पहली बार पहुंचे दर्शनार्थियों ने सड़क के दोनों किनारों पर नीम वृक्षारोपण, लाइट डेकोरेशन, मंदिर प्रांगण में बैठने के लिए बेंच समेत खुशनुमा वातावरण देखकर प्रसन्नता जताई। इस मौके दो दिन प्रसादी का भी आयोजन रखा गया। आयोजन में मंदिर आयोजक विशाल सीपा, विकास कुमार सीपा समेत दमामी समाज विकास समिति समेत सुमेरपुर, फालना, बीजापुर, अहमदाबाद, बलवना, बिसलपुर समेत दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर आयोजक विशाल सीपा ने आभार जताया।