28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Pali / भूखंड मिले, घर नहीं बसे, 96 बीघा की कृष्णा नगर योजना का ‘वनवास’

भूखंड मिले, घर नहीं बसे, 96 बीघा की कृष्णा नगर योजना का ‘वनवास’

पाली. किसी ने अपने आशियाने का सपना संजोया तो किसी ने जिंदगीभर की कमाई से मिले भूखंड पर घर बनाने की उम्मीद लगाई।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पाली

•

image

Newsdesk

•

Updated: 28 Nov 2026, 1:33 PM IST

भूखंड मिले, घर नहीं बसे, 96 बीघा की कृष्णा नगर योजना का ‘वनवास’

यूआईटी ने भी निम्न और कमजोर आय वर्ग के परिवारों को सस्ती दर पर भूखंड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर की पहली आवासीय योजना कृष्णा नगर विकसित की। खेतावास औद्योगिक क्षेत्र के पास करीब 96 बीघा में फैली इस योजना में 651 परिवारों को भूखंड आवंटित भी कर दिए गए, लेकिन विडंबना देखिए कि चार साल बाद भी यहां घर बसने का इंतजार है। वजह है बुनियादी सुविधाओं का अभाव। योजना में सड़कों और चारदीवारी के अलावा कुछ नहीं हुआ। पेयजल और बिजली की व्यवस्था अब तक अधूरी है। ऐसे में भूखंड मिलने के बावजूद आवंटी यहां अपने आशियाने का सपना साकार नहीं कर पा रहे हैं।

कॉलोनी बसाने का सपना, हकीकत में बबूल की झाड़ियां

योजना के परिसर में प्रवेश करते ही आवासीय कॉलोनी के बजाय खाली मैदान और बबूल की झाड़ियां नजर आती हैं। जगह-जगह बेर के पेड़ उग आए हैं। पूरे क्षेत्र में घूमने के बाद भी यह पता लगाना मुश्किल है कि पार्क के लिए जमीन कहां आरक्षित की गई है। जिस योजना में परिवारों के लिए पार्क, सड़क, सीवरेज, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित होनी थीं, वहां आज भी बुनियादी व्यवस्थाओं का इंतजार है।

दो चरणों में 651 भूखंड आवंटित, सुविधाएं अधूरी

यूआईटी ने वर्ष 2022 में कृष्णा नगर योजना लॉन्च की थी। पहले चरण में 394 आवेदकों को वर्ष 2022 में भूखंड आवंटित किए गए। इसके बाद शेष 257 भूखंडों के लिए लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर वर्ष 2025 में आवंटन किया। इस तरह कुल 651 आवेदकों को भूखंड मिल गए।

24.67 करोड़ की परियोजना, 859 भूखंड प्रस्तावित

राजस्थान रेरा में 26 मार्च 2021 को पंजीकृत इस परियोजना में कुल 1,50,349 वर्गमीटर भूमि दर्ज है। करीब 96 बीघा में फैली इस योजना में 859 भूखंड प्रस्तावित किए थे। परियोजना की लागत करीब 24.67 करोड़ रुपए है।

यूआईटी के पास अब भी करीब 150 भूखंड

योजना में 651 भूखंडों के आवंटन के बाद करीब 150 भूखंड यूआईटी के पास शेष हैं। इन भूखंडों पर निर्माण कराने के साथ दुकानों को भी विकसित करने की योजना है।

जल्द पूरी होगी बिजली-पानी की व्यवस्था

योजना के तहत बिजली और पानी की लाइन का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। योजना में यूआईटी के पास अभी करीब 150 भूखंड हैं। उन पर निर्माण कराने के साथ दुकानों को भी विकसित किया जाना है।

विकास लेगा, अधिशासी अभियंता, यूआईटी, पाली

योजना के भूखण्ड, क्षेत्रफल-भूखंडों की संख्या

  • 42 वर्गमीटर-388
  • 74 वर्गमीटर-300
  • 223 वर्गमीटर-16
  • 9 वर्गमीटर-58
  • 186 वर्गमीटर-8
  • 167 वर्गमीटर-61
  • 139 वर्गमीटर-24
  • 279 वर्गमीटर-3
  • 6,526 वर्गमीटर-1

कुल-859

सुविधाओं का अभाव

कृष्णा नगर में मेरे दो प्लांट है। वहां अभी तक सुविधाओं का अभाव है। लाइट के महज पोल लगे है। बिजली नहीं आई है। इस कारण निर्माण का विचार नहीं किया है।

लाइट-पानी नहीं

कृष्णा नगर में दो प्लाट लिए थे। वहां लाइट व पानी की सुविधा ही नहीं है। मकान बनाने के लिए दोनों जरूरी है। ये सुविधाएं होने पर निर्माण का विचार करेंगे।