पाली

प्रदेश में इस जगह 35 साल बाद भरेगा पशु मेला

Feb 02, 2026
Cattle Fair
निम्बेश्वर महादेव पशु मेले को लेकर चर्चा करते अ​धिकारी।

निम्बेश्वर महादेव पशु मेला सांडेराव के पास निम्बेश्वर महादेव मंदिर के पास 13 से 17 जनवरी तक भरेगा। यह मेला 35 साल बाद भरेगा। मेले को लेकर सोमवार को कलक्ट्रर कक्ष में बैठक आयोजित हुई। जिसमें जिला कलक्टर एलएन मंत्री ने कहा कि मेले का आगाज 13 फरवरी सुबह 11 बजे झण्डारोहण के साथ होगा। मेले में पुंगनूर, गिर, कांकरेज, थारपारकर व शंकर नस्ल के गायों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मेले में14 फरवरी को अश्व व ऊंट नृत्य, श्रृंगार प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा रस्साकस्सी, साफा, मूंछ, गोडवाड़ केसरी, गोडवाड़ सुन्दरी, बेस्ट गोडवाड़ कपल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। मेले में शाम को सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

भजन संध्या 15 को

मेले में 15 फरवरी को मारवाड़ी अश्व प्रतियोगिता का आयोजन होगा। भजन संध्या में रात को गायक मारवाड़ी भजन गाएंगे। इसी तरह 16 फरवरी को गाय, भैंस, ऊंट, भेड व बकरी प्रतियोगिता तथा शाम 7 से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। मेले के दिन 17 फरवरी को पारितोषण वितरण के साथ मेले का समापन होगा।

इनको सौंपी व्यवस्था

बैठक में अधिकारियों को व्यवस्था सौंपी गई। पुलिस, यातायात, पशुपालकों को रियायती दर पर भोजन उपलब्ध करवाने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तीन पारियों में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने, डिस्कॉम अधीक्षण अभियंता को मेले स्थल पर सुचारू विद्युत उपलब्ध करवाने, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता को मेला रोड व्यवस्था, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को आमजन व पशुओं के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने, जिला शिक्षा अधिकारी को स्वागत गीत व उद्घोषक व्यवस्था करने, सरस डेयरी प्रबंधक को सरस पशु आहार उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी तरह अन्य विभागों के अधिकारियों को कार्यभार सौंपा गया। बैठक में बाली अतिरिक्त जिला कलक्टर शैलेन्द्रसिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ मनोज पंवार आदि मौजूद रहे।

Updated on:
02 Feb 2026 08:05 pm
Published on:
02 Feb 2026 08:05 pm