
पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने 10 साल बाद वापसी करते हुए भाजपा को शिकस्त दी। कांग्रेस प्रत्याशी विमला कुमारी मीणा ने भाजपा के मादाराम मीणा को 9 मतों से हराकर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। मतदान में विमला कुमारी को 15 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी मादाराम मीणा को 6 मत प्राप्त हुए। निर्वाचन अधिकारी कालूराम कुम्हार ने विमला कुमारी को सुमेरपुर पंचायत समिति की 11वीं नवनिर्वाचित प्रधान घोषित किया। बीए तक शिक्षित विमला कुमारी पालडी जोड़ के बापू नगर की निवासी हैं। प्रधान निर्वाचित होने के बाद विमला कुमारी को रिटर्निंग अधिकारी कालूराम कुम्हार ने निर्वाचन पत्र सौंपकर पद की शपथ दिलाई।
प्रधान चुनाव को लेकर पंचायत समिति सभागार में निर्धारित समयानुसार चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। प्रधान पद के लिए भाजपा की ओर से मादाराम मीणा तथा कांग्रेस की ओर से विमला कुमारी मीणा ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। रिटर्निंग अधिकारी कालूराम कुमार की मौजूदगी में नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें दोनों प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए। इसके बाद दोपहर 3 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर 3 बजकर 2 मिनट पर कांग्रेस प्रत्याशी विमला कुमारी मतदान के लिए पहुंचीं। उनके बाद भाजपा प्रत्याशी मादाराम मीणा भी मतदान कक्ष पहुंचे। भाजपा के चारों सदस्यों और तीन निर्दलीय सदस्यों को भी एक साथ पंचायत समिति परिसर लाया गया, जहां सभी ने बारी-बारी से मतदान किया। इसके बाद कांग्रेस के 14 सदस्यों ने भी एक साथ पहुंचकर मतदान किया।
मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के पुख्ता इंतजाम किए गए। सुमेरपुर पुलिस उपाधीक्षक भवानीसिंह के नेतृत्व में सिटी थाना अधिकारी सवाईसिंह महावर, सदर थाना अधिकारी भगाराम मीणा, तखतगढ़ थानाधिकारी शैतानसिंह एवं सांडेराव थानाधिकारी श्यामसिंह मय पुलिस जाब्ता तैनात रहे। मतदान कक्ष में प्रवेश से पहले सभी पंचायत समिति सदस्यों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद पुलिस निगरानी में सदस्यों को एक-एक कर मतदान कक्ष में प्रवेश दिया गया। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई।
मतदान पूरा होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने मतगणना के परिणाम की आधिकारिक घोषणा की। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी विमला कुमारी मीणा को 15 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी मादाराम मीणा को 6 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार विमला कुमारी ने 9 मतों से जीत हासिल की।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने पंचायत समिति परिसर में नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया। गौरतलब है कि सुमेरपुर पंचायत समिति में वर्ष 2015 के बाद से लगातार भाजपा का बोर्ड रहा। 10 साल बाद कांग्रेस ने प्रधान पद पर जीत दर्ज कर पंचायत समिति में फिर से वापसी की है।
सुमेरपुर पंचायत समिति के राजनीतिक इतिहास में पालडी जोड़ गांव का भी विशेष स्थान रहा है। इससे पहले 11 फरवरी 2005 से 14 फरवरी 2010 तक हरिशंकर मेवाड़ा तथा 15 फरवरी 2010 से 14 फरवरी 2015 तक भंवरी देवी गर्ग प्रधान रह चुकी हैं। दोनों ही पालडी जोड़ गांव के निवासी थे। अब विमला कुमारी मीणा के प्रधान निर्वाचित होने के साथ ही पालडी जोड़ गांव से तीसरी प्रधान बनीं हैं। विमला कुमारी पालडी जोड़ के बापू नगर की निवासी हैं और बीए तक शिक्षित हैं।