पाली

पुलवामा में शहीद हुए जवानों की याद में राजस्थान के इस गांव के युवाओं ने दिल्ली की तर्ज पर बनवा दिया अमर जवान सर्किल

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Mar 19, 2019
Amar Jawan Circle in Kushalpura village of Pali district
पुलवामा में शहीद हुए जवानों की याद में राजस्थान के इस गांव के युवाओं ने दिल्ली की तर्ज पर बनवा दिया अमर जवान सर्किल

- पाली जिले के कुशालपुरा गांव में बनकर तैयार हो गया अमर जवान स्मारक सर्किल
- सेना के अधिकारी के हाथों लोकार्पण कराने का लिया निर्णय

रायपुर मारवाड़। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की याद में पाली जिले के रायपुर क्षेत्र के कुशालपुरा गांव के बस स्टैंड पर इन दिनों अमर जवान स्मारक सर्किल का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। युवाओं की देखरेख में हो रहा ये निर्माण लगभग पूरा होने को आया है। युवाओं ने होली पर्व के बाद सेना के किसी बड़े अधिकारी के हाथों इस सर्किल का समारोहपूर्वक लोकार्पण कराए जाने का निर्णय किया है। इसे लेकर तैयारियां भी जोरों पर की जा रही हैं। लोकार्पण समारोह को लेकर युवाओं व ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

पुलवामा हमले के बाद किया निर्णय
दरअसल, श्रीनगर के पुलवामा में देश के जवानों पर हुए आतंकी हमले के दूसरी दिन कुशालपुरा गांव पूर्णतया बन्द रहा था। इस दिन युवाओं ने देश के शहीदों के सम्मान में कुछ हटकर करने का निर्णय किया। जिसके तहत उन्होंने दिल्ली की तर्ज पर अपने गांव में अमर जवान सर्किल का निर्माण कराने का बीड़ा उठाया। युवाओं ने अपने स्तर पर राशि जुटाई और गांव के बस स्टैंड पर निर्माण शुरू करवा दिया। इस स्मारक पर राइफल व केप भी लगाई जाएगी।

अब हर महीने होगी श्रद्धांजलि सभा
इस अमर जवान स्मारक सर्किल पर हर महीने की 14 तारीख को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गांव के युवाओ द्वारा देश के शहीदों को मौन प्रार्थना के रूप में श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे।

इन्होंने उठाया बीड़ा
गांव में अमर जवान स्मारक सर्किल बनाने का बीड़ा गांव के राजेश माली, श्रवण सिंह, पूनमचंद, मुकेश शर्मा, जयप्रकाश, राकेश नवल, नथमल सोनी, मोहन देवासी सहित अन्य युवाओं ने उठाया। इसमें गांव के कुछ प्रबुद्धजनों ने भी सहयोग किया। ये सर्किल क्षेत्र के साथ जिले का पहला सर्किल है। इस सर्किल से जिले में इस गांव को अलग पहचान मिलेगी।

Published on:
19 Mar 2019 02:08 pm