2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाली न्यूज: बर्तन धोते-धोते अचानक चीख उठी 20 साल की लीला, पैर में डस लिया था सांप; 2 दिन बाद मौत

पाली के मांडा (बेरा-मोटाजी का आट) में रात 7:30 बजे खाना खाने के बाद बर्तन धो रही 20 वर्षीय लीला देवी को जहरीले सांप ने पैर के अंगूठे में डस लिया। सोजत सिटी से पाली के बांगड़ अस्पताल में चले दो दिन के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
3 min read
Google source verification

पाली

image

Arvind Rao

Sep 02, 2026

pali snake bite

मृतका लीला देवी (पत्रिका फोटो)

Pali Snake Bite: पाली जिले और इसके आसपास के गांवों व कस्बों में सांप के काटने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। अलग-अलग क्षेत्रों से सर्पदंश के कई मामले सामने आए हैं, जिन्होंने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामलों में जहरीले सांपों के काटने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है।

पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती चार घायल

पाली के विभिन्न क्षेत्रों में सांप के डसने की चार अलग-अलग घटनाएं दर्ज की गई हैं। सर्पदंश के शिकार सभी घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज अस्पताल के आईसीयू 'बी' में चल रहा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

गर्दन पर डसा सांप

पहली घटना बाली क्षेत्र के बैरडी गांव की है। यहां रहने वाली पवनी (26) पत्नी अम्बाराम सोमवार सुबह अपने घर के बाहर सो रही थी। इसी दौरान एक सांप ने उसकी गर्दन पर डस लिया। तबीयत तेजी से बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत बांगड़ अस्पताल लेकर पहुंचे।

शराब ठेके पर सोते समय हादसा

दूसरी घटना पादरली तुरकान गांव की है। मोहम्मद आबाद (28) पुत्र भंवरू खान, जो खौड़ गांव स्थित एक शराब ठेके पर काम करता है, सोमवार तड़के करीब चार बजे ऑफिस में खाट पर सो रहा था। उसी समय सांप ने उसकी गर्दन पर काट लिया। आनन-फानन में परिजन उसे भी अस्पताल लेकर पहुंचे।

सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचे परिजन

तीसरी घटना बेडा गांव की है, जहां लालजी महाराज (45) पुत्र मोहनलाल रेगर सोमवार सुबह करीब चार बजे घर के फर्श पर सो रहे थे। तभी एक जहरीले कोबरा सांप ने उनके सिर पर डस लिया। सर्पदंश के बाद लालजी ने उस सांप को मार दिया। परिजन जब घायल लालजी को लेकर बांगड़ अस्पताल पहुंचे, तो सांप की सही पहचान के लिए मृत कोबरा को भी एक डिब्बे में बंद करके साथ ले आए।

युवक की हालत गंभीर

चौथी घटना सादड़ी की है, जहां रमेश (28) पुत्र समाराम को सोमवार को सांप ने पैर पर डस लिया। बांगड़ अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार रमेश की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।

बर्तन धोते समय युवती को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

दूसरी ओर, मांडा क्षेत्र के बेरा मोटाजी का आट निवासी 20 वर्षीया युवती लीला देवी पुत्री हुकमाराम सीरवी की सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान मंगलवार सुबह मौत हो गई। लीला देवी के पिता ने बताया कि रविवार शाम करीब 7:30 बजे खाना खाने के बाद लीला घर में बर्तन धो रही थी। इसी दौरान अचानक उसके पैर के अंगूठे पर एक सांप ने डंस लिया।

परिजन उसे तुरंत राजकीय चिकित्सालय सोजत सिटी लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे पाली के बांगड़ अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में दो दिनों तक चले इलाज के बाद मंगलवार सुबह युवती ने दम तोड़ दिया।

सांप के डसने पर क्या करें

  • शांत रहें और पीड़ित को न हिलाएं: घबराने से दिल की धड़कन बढ़ती है, जिससे शरीर में जहर तेजी से फैलता है। पीड़ित को बिल्कुल शांत रखें और हलचल न करने दें।
  • तुरंत अस्पताल पहुंचे: पीड़ित को बिना समय गंवाए नजदीकी सरकारी या बड़े अस्पताल ले जाएं, जहां एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध हो।
  • प्रभावित अंग को स्थिर रखें: जिस अंग (हाथ या पैर) पर सांप ने काटा है, उसे लकड़ी या पट्टी से सहारा देकर स्थिर कर दें ताकि वह हिले नहीं।
  • गहने और तंग कपड़े उतारें: सांप के काटने से सूजन आती है। इसलिए अंगूठी, घड़ी, कड़ा या जूते तुरंत उतार दें।
  • काटे गए स्थान को धोएं: डंक वाली जगह को साफ पानी और साबुन से हल्के से धो लें।

ऐसा बिलकुल भी न करें

  • काटे गए स्थान पर चीरा (कट) न लगाएं और मुंह से जहर चूसने की कोशिश न करें।
  • डंक वाले स्थान के ऊपर अत्यधिक कसकर पट्टी न बांधें, इससे रक्तसंचार रुकने से अंग खराब हो सकता है।
  • किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक या घरेलू नुस्खों के चक्कर में समय बर्बाद न करें।