
पाली. तखतगढ़ कस्बे के पुराना बेदाना मार्ग बोर्डिंग के सामने रविवार अपराह्न करीब पौने तीन बजे दो बाइक सवार व्यक्ति प्याऊ पर बैठी बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीन कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीडि़त महिला से जानकारी ली। पुलिस ने घटना के बाद संभाग भर में नाकाबंदी करवाई है। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालकों की पहचान के लिए नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल किए हैं।
पुलिस ने बताया कि कस्बे के पुराना बेदाना मार्ग सुभाष नगर निवासी मोहनलाल पुत्र नरसाराम सुथार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी माता जमनाबाई खेड़ावास मोहल्ले के बोर्डिंग के सामने पानी प्याऊ पर रीजू बाई से बाते कर रही थी। इस दौरान अपराह्न करीब ढाई-पौने तीन बजे बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे पानी पीने रुके। पानी का लोटा देते समय एक युवक ने उसकी मां के गले में पहनी सोने की चेन खींच ली और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मार्ग की तरफ भाग गए। सूचना पर सुमेरपुर सीओ अमरसिंह भी पुलिस थाना पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश के लिए संभाग भर में संदेश भिजवाए हैं।
-बीते दिनों भी हुई थी ऐसी ही घटना
कस्बे के चक्की में भी एक अन्य महिला के गले से सोने की चेन तोडऩे का मामला सामने आया था
बाइक पर शराब बेचते युवक को पकड़ा
रायपुर मारवाड़. आबकारी पुलिस ने रविवार शाम को निमाज बाईपास पर बाइक पर शराब बेच रहे युवक को गिरफ्तार कर बाइक सहित शराब जब्त की।
जैतारण आबकारी थाना प्रभारी मदनलाल गुर्जर में बताया कि शाम को निमाज बाईपास पर नाकाबन्दी की गई। इस बीच फूलमाल निवासी प्रकाश बाइक लेकर खिनावड़ी की तरफ से आया। इसने आबकारी पुलिस को देख नाकाबन्दी तोड़ फरार होने का प्रयास किया। लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया। बाइक के साइड में लगे बेग की तलाशी लेने पर उसमे 74 पव्वे अवैध शराब के मिले। पुलिस ने प्रकाश को गिरफ्तार कर शराब सहित बाइक जब्त की। गुर्जर ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ धरपकड़ अभियान जारी रहेगा।