पाली

वोट डालने पहुंची दुल्हन, महिलाओं ने गाए मंगल गीत, ससुराल जाने से पहले पूरा किया फर्ज

दुल्हन परिजनों के साथ मंगल गीतों संग मतदान केंद्र पहुंची और लोकतंत्र के महापर्व में मतदान कर अपनी सहभागिता दी...
less than 1 minute read
Apr 29, 2019
dulhan

पाली।


लोकसभा चुनाव ( lok sabha election 2019 ) के प्रति इस बार मतदाताओं का रुझान बेहतर दिखलाई दिया है। जिले के धनला के समीप गुडा केसर सिंह गांव में मतदान दिवस के दिन अपनी शादी की व्यस्तता के बावजूद दुल्हन परिजनों के साथ मंगल गीतों संग मतदान केंद्र पहुंची और लोकतंत्र के महापर्व में मतदान कर अपनी सहभागिता दी। जानकारी के अनुसार गुडा केसर सिंह निवासी युवती कंचन देवी पुत्री डूंगरराम उम्र 20 वर्ष जाति सीरवी जिनकी शादी के चलते घर में मेहमान आए हुए हैं और पूरा परिवार शादी में मशगूल है फिर भी दुल्हन कंचन ने अपने पूरे परिवार सहित मंगल गीत गाते हुए मतदान केंद्र पहुंची तथा अपने मत का प्रयोग किया। दुल्हन ने लोकतंत्र में अपनी भागीदारी दी। मतदान के बाद उसने वोटर आईडी कार्ड और इंक दिखाते हुए गर्व की अनुभूति जताई।


वहीं इधर... दूल्हा-दुल्हन पहुंचे मतदान केंद्र, वोट डालकर मनाया शादी का जश्न
सावों के दौर में लोकसभा चुनाव पर बांसवाड़ा में अलग ही रंगत दिखलाई दी, जबकि शहर के खांदू कॉलोनी और उधर घाटोल इलाके में भी दूल्हा-दुल्हन ने फेरों से पहले मतदान का दायित्व पूरा किया। तपती दुपहरी में जहां आसमान से मानो अंगारे बरस रहे थे, वहीं अपने वोट के प्रति वर-वधू और बारातियों का उत्साह देखते ही बना। खांदू कॉलोनी में संकेत पुत्र दिलीप मालवीया घोड़ी पर मतदान केंद्र पहुंचे, तो सजी-धजी दुल्हन ने भी सखियों संग पहुंचकर वोट डाला। उधर, घाटोल क्षेत्र के मुडासेल निवासी बहादुर पुत्र रंगजी ने सुबह 11 बजे बरोड़ा गांव में शादी रचाई और फिर वधू के साथ सीधा मतदान केंद्र, मुडासेल पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर दूल्हा-दुल्हन पहुंचने पर पोलिंग पार्टियां भी उत्साहित दिखीं और इनके लिए चाय-पानी का बंदोबस्त किया।

Updated on:
29 Apr 2019 03:59 pm
Published on:
29 Apr 2019 03:59 pm