पाली

अव्यवस्था का चौराहा: शहर के सबसे व्यस्त गोयली चौराहे पर यात्रियों के लिए न छांव, न बैठने का ठिकाना

शहर की हृदय स्थली और सबसे व्यस्ततम माने जाने वाले गोयली चौराहे पर बुनियादी सुविधाओं का टोटा आमजन पर भारी पड़ रहा है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 12:53 PM IST
अव्यवस्था का चौराहा: शहर के सबसे व्यस्त गोयली चौराहे पर यात्रियों के लिए न छांव, न बैठने का ठिकाना

जालोर, जयपुर और अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण चौराहे से रोजाना सैकड़ों यात्री सफर करते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि यहां यात्रियों के बैठने या खड़े रहने के लिए एक अदद यात्री प्रतीक्षालय (टिनशेड) तक की व्यवस्था नहीं है।

शहरवासियों को बाहरी शहरों के लिए यहीं से बसें मिलती हैं। ऐसे में यात्री प्रतीक्षालय नहीं होने से लोगों को खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे खड़े रहकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। चिलचिलाती धूप हो या बारिश का मौसम, यात्रियों को सिर छिपाने के लिए आसपास की दुकानों के आगे शरण लेनी पड़ती है।

भारी ट्रैफिक के बीच जान जोखिम में, नदारद रही यातायात पुलिस

गोयली चौराहा शहर का प्रमुख एंट्री पॉइंट होने के कारण यहां चौबीसों घंटे भारी वाहनों, बसों और दुपहिया वाहनों का दबाव रहता है। बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्री मुख्य सड़क किनारे ही खड़े रहने को मजबूर हैं। वहीं, यातायात प्रबंधन की लापरवाही भी साफ देखी जा रही है, शुक्रवार दोपहर में भारी आवाजाही के बावजूद इस मुख्य चौराहे पर यातायात संभालने के लिए कोई पुलिसकर्मी भी नजर नहीं आया।

पुलिस की गैरमौजूदगी और बेतरतीब खड़े वाहनों के बीच सड़क किनारे खड़े यात्रियों के तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। सबसे ज्यादा फजीहत बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है, जो लंबे समय तक खड़े रहने में असमर्थ होते हैं।

प्रशासन की अनदेखी से बढ़ रहा आक्रोश

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद और प्रशासन को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। शहर के प्रवेश द्वार पर ही ऐसी अव्यवस्था बाहर से आने वाले यात्रियों के सामने शहर की नकारात्मक छवि पेश करती है।

बुजुर्गों के लिए खड़ा रहना सजा जैसा

मुझे इलाज व बाजार में काम होने से अक्सर सिराेही आना पड़ता है। वापस गांव जाने के लिए गोयली चौराहा से ही साधन मिलता है। पर यहां बैठने के लिए एक बेंच तक नहीं है। घुटनों में दर्द होने के बावजूद आधे-आधे घंटे तक सड़क किनारे खड़े रहकर बस का इंतजार करना पड़ता है। प्रशासन को कम से कम बुजुर्गों की पीड़ा समझनी चाहिए।

बारिश और धूप में बच्चों संग भारी परेशानी

बच्चों और सामान के साथ जब गांव की तरफ आना-जाना होता है, तो यहां खड़े रहने की जगह नहीं मिलती। तेज धूप में बच्चों का बुरा हाल हो जाता है और बारिश आ जाए तो भीगने के अलावा कोई चारा नहीं बचता। आज भी बच्चे को अस्पताल दिखाने आयी थी, अब 1 घंटा हो गया है सड़क किनारे बैठे। यहां एक बड़ा यात्री प्रतीक्षालय बनना चाहिए।

सड़क पर खड़े रहने से बना रहता है हादसे का डर

इस चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव बहुत ज्यादा रहता है। यात्री प्रतीक्षालय नहीं होने से सवारियां सड़क तक आ जाती हैं, जिससे हर वक्त दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अगर व्यवस्थित शेड और बैठने की जगह बन जाए, तो ट्रैफिक भी सुधरेगा और यात्री भी सुरक्षित रहेंगे।

मुख्य चौराहा होने के बाद भी मूलभूत सुविधा नहीं

गोयली चौराहा शहर में बाहर से आने-जाने वाले हजारों लोगों का मुख्य केंद्र है, जो यहां से गुजरते हैं, लेकिन पीने के पानी और बैठने के लिए छाया तक नहीं है। जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद को प्राथमिकता से यहां आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण करवाना चाहिए।

Updated on:
28 Nov 2026, 12:53 PM IST
Published on: