
पाली. दाती मदन को पेश होने के लिए दिल्ली क्राइम ब्रांच ने दो दिन की मोहलत दी है। क्राइम ब्रांच से नोटिस मिलने के बाद दाती मदन ने अपने वकील के माध्यम से पत्र भेजकर क्राइम ब्रांच से कुछ दिन का समय देने की गुहार लगाई। इस पर ब्रांच ने उसे बुधवार तक का समय दिया है। इधर, सोजत रोड के निकट आलावास स्थित दाती के आश्वासन गुरुकुल पर बाल अधिकारिता विभाग जयपुर की डिप्टी डायरेक्टर श्रद्धा गौतम, सोजत तहसीलदार, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष दामोदर शर्मा, समिति सदस्य किशोर सोमनानी, मुन्नी वैष्णव, सुदर्शन उदावत व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग पाली के सहायक निदेशक जेपी अरोड़ा, किशोर गृह की टीना अरोड़ा पहुंची। उन्होंने गुरुकुल के रजिस्टे्रशन के नवीनीकरण नहीं होने व गुरुकुल से बालिकाओं की स्थिति, संख्या व दस्तावेजों की जांच की।
दाती को मामूली राहत
दाती मदन के खिलाफ उसकी शिष्या ने ही दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने दाती को सोमवार तक पेश होने का नोटिस जारी किया, लेकिन दाती शाम तक पेश नहीं हुआ। उसने दोपहर में दिल्ली क्राइम ब्रांच के पास अपने वकील को भेजा और प्रार्थना पत्र पेश करवाया कि उसे कुछ दिन का समय दिया जाए। इस पर ब्रांच की ओर से दो दिन का समय दिया गया।
जांच में खुलासा- गुरुकुल के रजिस्टे्रशन का नवीनीकरण नहीं
इधर, सुबह आश्वासन गुरुकुल पर स्थानीय प्रशासन, बाल कल्याण समिति व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की टीमें पहुंची। उन्होंने गुरुकुल का जायजा लिया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अरोड़ा ने बताया कि संस्थान के रजिस्टे्रशन के नवीनीकरण को लेकर प्रबंधन जवाब नही दे पाया। जांच में सामने आया है कि अभी तक रजिस्टे्रशन का नवीनीकरण नहीं हुआ है। कुछ दस्तावेज समिति के समक्ष एक दिन बाद पेश करने के लिए कहा गया है। समिति ने बालिकाओं से बात की और व्यवस्थाएं जांची। सोमवार को संस्थान में 243 बालिकाएं मिली, शेष बालिकाओं का परिजनों के पास जाना सामने आया। अब समिति इस बारे में आगे का निर्णय करेगी। अरोड़ा ने बताया कि रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण प्रक्रियाधीन है।