Double Murder And Rape Case in Pali : दोहरे हत्याकांड व बलात्कार के आरोपी को सुनाई फांसी की सजा
Double Murder And Rape Case in Pali : पाली में बालिका से बलात्कार व दोहरे हत्याकांड के मामले में न्यायालय ने बुधवार को आरोपी को फांसी की सजा सुनाई है। आरोपी पर पांच लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। फैसला सुनाते समय पाली की पॉक्सो कोर्ट संख्या तीन के जज अनवर अहमद चौहान ने टिप्पणी में कहा कि आरोपी ने अपराध की पराकाष्ठा पार की, मृत्युदंड मिलना ही चाहिए।'
पॉक्सो कोर्ट संख्या 3 के पब्लिक प्रोसिक्यूटर खीमाराम पटेल ने बताया कि सिरियारी थाना क्षेत्र के आसन जोधवन निवासी आरोपी अर्जुन सिंह को दोषी मानते हुए फांसी की सजा सुनाई। आरोपी ने एक मई को 10 साल की बालिका से बलात्कार कर उसकी व उसके 13 साल के भाई की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी थी।
बलात्कार व डबल मर्डर केस का फैसला सुनाते हुए विशिष्ट जज अनवर अहमद चौहान ने कहा कि आरोपी ने अपराध की पराकाष्ठा पार की है। नाबालिगों की हत्या करना और बालिका से बलात्कार करना अति गंभीर अपराध है। दोनों ही मृतकों के जीवन की शुरूआत भी नहीं हुई थी और आरोपी ने उनकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या से पहले बालिका से बलात्कार किया, जो अति गंभीर अपराध है। ऐसे अपराधी को मृत्युदंड मिलना ही चाहिए।
बकरियां चराने गए थे भाई-बहन, दोनों को मार डाला
पटेल ने बताया कि 1 मई 2023 को सिरियारी थाना क्षेत्र की 10 साल की बालिका व उसका 13 साल का भाई बकरियां चराने गए थे। दोनों देर शाम तक घर नहीं लौटे। पुलिस और परिवार ने तलाश की तो दो मई को दोनों का शव मानी गांव के पास मामाजी का ओरण में मिला। आरोपी ने बलात्कार के बाद बालिका की हत्या कर दी। उसके चिल्लाने की आवाज पर बकरियां चरा रहा उसका भाई पहुंचा तो आरोपी अर्जुन सिंह ने पत्थरों से कुचलकर उसे भी मार डाला।