पाली

निर्धनों के सरकारी गेहूं पर ‘डाका’, गोदाम से डीलर तक पहुंचते-पहुंचते घट रहा गेहूं

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Mar 13, 2019
Decreased wheat in the Bali area of Pali district
निर्धनों के सरकारी गेहूं पर ‘डाका’, गोदाम से डीलर तक पहुंचते-पहुंचते घट रहा गेहूं

चन्द्रशेखर अग्रवाल
बाली। निर्धन तबके के हिस्से के गेहूं पर भी बिचौलियों की काली नजर पड़ गई है। आलम ये है कि एफसीआई गोदाम से निकलने वाला गेहूं गांव-कस्बों के डीलर तक पहुंचते-पहुंचते ही कम पड़ रहा है। कुछ राशन डीलर्स ने वजन करवाया तो इसका खुलासा हुआ। ऐसे में राशन डीलर्स ने पोर्टल के साथ ही पाली जिला कलक्टर से शिकायत की है।

दरअसल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के तहत निर्धन तबके के लोगों में गेहूं वितरित किया जाता है। पाली जिले के बाली उपखण्ड का बड़ा हिस्सा आदिवासी क्षेत्र हैं, जो टाडा में आता है। यहां रसद विभाग की ओर से नियुक्त राशन डीलर के माध्यम से अंत्योदय, खाद्य सुरक्षा व बीपीएल योजनाओं में गेहूं का वितरण किया जाता है। लेकिन, गोदामों से डीलर तक पहुंचते-पहुंचते गेहूं की मात्रा कम हो जाती है। इसका खुलासा जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों के समक्ष वजन कराने पर हुआ।

यहां पर कम हुई आपूर्ति
सेणा में राशन डीलर बाबूसिंह के यह 24 फरवरी को 163 कट्टों में 1.89 क्विंटल कम आपूर्ति की गई। इसी प्रकार बाली नगर में दलपतसिंह के यहां पर 31.40 क्विंटल में से 80 किलो गेहूं की कम आपूर्ति की गई। बाली में ही इस्माइल खां अब्दुलखां की सप्लाई की जांच की तो 87 किलो गेहूं कम आपूर्ति होना पाया गया। यहां पर भैराराम डोवाजी राशन डीलर के यहां पर वजन किया गया तो कुल 48.42 क्विंटल की जगह 47.12 क्विंटल माल ही निकला। मालनू गांव में सरपंच रमेश मीणा व ग्रामवासियों के समक्ष 120 कट्टों का वजन किया गया तो कपूरराम मीणा डीलर के यहां 3.82 क्विंटल कम आपूर्ति मिली। भन्दर के डीलर राजेन्द्रकुमार ने भी भन्दर सरपंच दिनेशकुमार मीणा के समक्ष गेहूं तोला तो 4.75 क्विंटल कम आपूर्ति मिली। मोकमपुरा में मोतीराम के यहां पर भी 1.80 क्विंटल कम गेहूं आया।

मैं भी खुद जाऊंगा वहां
मामले की जानकारी मिली है। मैं बुधवार को बाली क्षेत्र में जाऊंगा और डीलरों के वहां जाकर गेहूं के कम होने के दस्तावेजों की जांच कर भौतिक सत्यापन करूंगा। कम होने पर नियमानु्रसार उचित कार्यवाही की जाएगी। -जयमल राठौड़, जिला रसद अधिकारी, पाली

फिलहाल नहीं मिली जानकारी
मेरे पास ऐसी कोई शिकायत या मामला जानकारी में नहीं आया है। मामला ध्यान में आएगा तो उचित कार्यवाही की जाएगी। -रमेश विश्नोई, राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति लिमिटेड, पाली

वितरण की होनी चाहिए पुख्ता व्यवस्था
सरकारी योजनाओं का गेहूं कम होना डीलर के लिए परेशानी व जरूरतमंदों के लिए निराशा का कारण बना हुआ है। वितरण की पु ता व्यवस्था कर डीलरों को पूरा गेहूं मिलना चाहिए। -कैप्टन नारायणसिंह चौहान, अध्यक्ष,
राशन वितरक संघ, बाली

Published on:
13 Mar 2019 03:05 pm