
- सांचौर पुलिस ने 18 दिन में पकड़े 6 मामले, जिसमें 4 एमडी, एक स्मैक व 1 अफीम दूध तस्करी का मामला
जालोर/ सांचौर पत्रिका
नशे का अवैध कारोबार फल फूल रहा है। पुलिस मुखबिरी तंत्र के माध्यम से नशे के इस नेटवर्क को तोडऩे का प्रयास भी कर रही है, लेकिन उसके बावजूद लगातार चल रहा यह कारोबार पुलिए के लिए भी चिंता का कारण बना हुआ है। विभाग की ओर से जुलाई माह में की गई 6 कार्रवाई में खास बात यह रही कि नशे के अवैध कारोबार में युवा जुड़े हुए हैं। यही नहीं जब्त किया गया नशा भी एमडी और स्मैक है। गिरोह से प्रारंभिक पड़ताल में यह भी सामने आया कि इन नशे के तलबगार 20 से 30 वर्ष की उम्र के बीच के युवा है। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों से मामले के बारे में गहन पड़ताल कर रही है। लेकिन अब तक ज्यादा कुछ हाथ नहीं लगा है।
इस तरह का नेटवर्क चिंता का विषय
पुलिस की ओर से 20 जुलाई को की गई कार्रवाई में 100 ग्राम एमडी बरामद की गई थी। सांचौर क्षेत्र से तस्करों का यह समूह इसे भारतमाला एक्सप्रेस वे पर किसी को सप्लाई देने वाले थे। ये तस्कर स्थानीय स्तर के किसी तस्कर से यह नशा लेकर पहुंचे थे। लगभग सभी मामलों में पुलिस की ओर से स्पॉट से गिरफ्तारी के बाद मुख्य सरगना तक पुलिस नहीं पहुंच पाती है। ऐसे में मौके से गिरफ्त में आए सप्लायर और नशे की सामग्री की जब्ती के बाद फिर से नशे का कारोबार बदस्तूर जारी रहता है।
जुलाई माह में सांचौर थाने की ये कार्रवाई
- 10 जुलाई को पुलिस ने 425 ग्राम एमडी बरामद की।
- 14 जुलाई को 1.46 ग्राम एमडी बरामद की
- 15 जुलाई को 8.68 ग्राम स्मैक बरामद की।
- 16 जुलाई को 1 किलो 811 ग्राम अफीम का दूध बरामद
- 20 जुलाई को 100 ग्राम एमडी बरामद।
- 27 जुलाई केा 114 ग्राम एमडी बरामद।
इन्होंने कहा
एमडी-स्मैक समेत नशे के अन्य प्रकरणों में आरोपियों से पूछताछ के साथ प्रकरणों में संलिप्त मुख्य आरोपियों के बारे में भी पड़ताल की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास भी किया जा रहा है।
- नेमाराम, थानाधिकारी, संाचौर