
Pali: गिरफ्तार आरोपी (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
पाली। जिले में वर्ष 2002 में हुई युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 24 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बनासकांठा के उचरपी गांव निवासी दिनेश देसाई (54) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह अपनी पहचान छिपाकर अहमदाबाद के वेजलपुर इलाके में रह रहा था। राजस्थान पुलिस ने आरोपी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, पाली जिले के सादड़ी थाना क्षेत्र के डूंगली गांव में पैतृक संपत्ति और व्यापार को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते खीमाराम उर्फ रमेश और हीराचंद ने दिनेश देसाई समेत अन्य आरोपियों के साथ मिलकर दलाराम की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत आरोपी अहमदाबाद से कार लेकर पाली पहुंचे। डूंगली बेरा तिलावा के पास बाइक से जा रहे दलाराम को पीछे से कार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दलाराम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
शुरुआत में घटना को सड़क हादसा बताकर बचने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की जांच में मामला महज दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का निकला। इसके बाद सादड़ी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दिनेश लंबे समय से फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, घटना के बाद दिनेश बनासकांठा चला गया। पुलिस से बचने के लिए वह अलग-अलग जगहों पर दिहाड़ी मजदूरी करता रहा और लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। लंबे समय तक वह पुलिस की पकड़ से दूर रहा।
बाद में वह अहमदाबाद के वेजलपुर इलाके में अपनी पत्नी के भाई के यहां रहने लगा। यहां उसने पहचान छिपाकर जमीन की दलाली का काम शुरू कर दिया। पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिलने के बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान और ठिकाने की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने वेजलपुर में दबिश देकर दिनेश देसाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और 24 साल तक फरार रहने के दौरान उसके संपर्कों और ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Updated on:
20 Sept 2026 08:34 pm
Published on:
20 Sept 2026 08:34 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
