पाली

राजस्थान चुनाव 2018: महिला सेक्टर प्रभारी के घर के बाहर मिली इवीएम से भरी जीप, हंगामा

शहर के आदर्श नगर स्थित महिला सेक्टर प्रभारी (चुनाव ड्यूटी) के घर के बाहर इवीएम मशीन से भरी जीप मिलने से हंगामा मच गया।
less than 1 minute read
Dec 06, 2018
Rajasthan Election 2018

पाली। शहर के आदर्श नगर स्थित महिला सेक्टर प्रभारी (चुनाव ड्यूटी) के घर के बाहर इवीएम मशीन से भरी जीप मिलने से हंगामा मच गया। सूचना पर पुलिस व रिटर्निंग अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी इवीएम सुरक्षित व लॉक मिली है, इसकी जांच जारी है। महिला अधिकारी से जवाब मांगा गया है।

जानकारी के अनुसार दोपहर में रिजर्व इवीएम के लिए सेक्टर प्रभारी नियुक्त किए। इनमें एक महिला सेक्टर प्रभारी को रिजर्व इवीएम व गाड़ी दे रखी है। दोपहर में महिला प्रभारी यह इवीएम से भरी जीप लेकर अपने आदर्श नगर स्थित मकान पर चली गई।

इस दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी के कार्यकर्ताओं को इसकी भनक लग गई। वे बड़ी संख्या में मकान के बाहर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। वे महिला अधिकारी पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने जीप व इवीएम मशीनें अपने कब्जे में ले ली। इस बीच कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। इधर, महिला अधिकारी का कहना है कि वह फील्ड में जाते समय टॉयलेट के लिए घर पर आई थी। सभी इवीएम लॉक व सुरक्षित मिली है।

मामले की जांच करवाई जा रही
महिला अधिकारी को सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया गया है। सेक्टर प्रभारी के पास रिजर्व इवीएम रहती है, ताकि कहीं इवीएम खराब हो जाए तो तुरंत पहुंचाई जा सके। किसी इमरजेंसी के चलते महिला अधिकारी घर पर चली गई थी, जीप बाहर खड़ी थी।

कुछ लोगों ने इसकी शिकायत की तो अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी इवीएम सुरक्षित मिली है। फिलहाल महिला अधिकारी की कोई गलत मंशा से जीप घर पर ले जाना सामने नहीं आया है। फिर भी मामले की जांच करवाई जा रही है।
सुधीर कुमार शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी, पाली

Published on:
06 Dec 2018 06:37 pm