
पाली/रायपुर मारवाड़। जिले के सेंदड़ा थाना क्षेत्र के चिताड़ में नौ माह की मासूम रवीना की हत्या कर शव गाडऩे के आरोपी पिता का सुराग नहीं लग पा रहा है। आरोपी अपनी बेटी की हत्या की, इस दौरान उसकी पत्नी से भी हाथापाई हुई थी। पत्नी ने आवेश में पति का मोबाइल तोड़ दिया था। जिससे पुलिस को आरोपी पहुंचने में पसीने आ रहे है। थानाप्रभारी प्रेमाराम विश्नोई के अनुसार चिताड़ के शाहपुरा बाडिय़ा निवासी मनोहर मेहरात पुत्र रमजी मेहरात की तलाश में दो दिन में डेढ़ दर्जन ठिकानो पर दबिश दी गई। लेकिन आरोपी का अब तक सुराग नहीं लग पाया है।
पांच माह पहले बेच दिया था मकान
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि आरोपी मनोहर ब्यावर से सटी सीमेंट फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम करता था। इसी फैक्ट्री से कुछ ही दूरी पर अंधेरी देवरी में आरोपी ने मकान ले रखा था। जिसे इसने पांच माह पहले बेच दिया। इसके बाद इसने पत्नी सुनिता, बेटी संजू, बेटा मनीष को अपने ननिहाल चिताड़ के शाहपुरा में टेकरी पर झोपड़ेनुमा मकान बनाकर परिवार को इस मकान में छोड़ दिया।
ढाबे के कमरे में बिताता था रात
पुलिस ने जब अंधेरी देवरी व आस पास के होटल ढाबे खंगाले तो सामने आया कि मनोहर शराबी प्रवृति का है। ये फैक्ट्री से काम खत्म कर ढाबे पर आता। यहां शराब पीने के बाद इसी ढाबे पर बने कमरे में सो जाता। वारदात के बाद से मनोहर न तो फैक्ट्री गया न ही इस ढाबे पर आया है।
अब कैसे होगा गुजारा
इस हद्वय विदारत वारदात के बाद मनोहर फरार है। ऐसे में सुनिता को मासूम बेटी रवीना की मौत के सदमे से बाहर निकल बड़ी बेटी संजू व मनीष की परवरिश का जिम्मा है।
ये है मामला...
मनोहर के तीसरी संतान के रूप में बेटी का जन्म हुआ। ये बेटा चाहता था। बेटी होने से मनोहर आहत था। धुलंडी के दिन मनोहर ने रवीना की जमीन पर पटककर हत्या कर दी। शव को मकान के पीछे दफना दिया। तीन दिन तक सुबकती रही सुनिता का सब्र टूटा और इसने सेंदड़ा थाने पहुंच पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने शव बाहर निकलवा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। सुनिता की रिपोर्ट पर इसके पति मनोहर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।