पाली

अब आप भी हो जाइये सावधान, फोन आते ही बैंक खातों से निकल रही है राशि, पढि़ए पूरी खबर…

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Apr 01, 2019
Fraud with two people of Denda village in Pali district
cash

-ठगी का नया तरीका
- पाली जिले के डेंडा गांव के 15 जनों को किया फोन, दो फंस गए झांसे में

पाली। ठगों ने ठगी करने का एक ओर नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। दो दिन पूर्व डेंडा सेक्टर के 15 लोगों को एक युवक ने फोन किया। खुद को जयपुर चिकित्सा विभाग में कार्यरत होना बताते हुए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की राशि उनके खाते में जमा करवाने की बात कहते हुए बैंक एकाउंट, एटीएम कार्ड की जानकारी सहित मोबाइल पर आने वाला ओटीपी नम्बर लेकर दोनों के खातों से रुपए निकाल लिए। ठगी की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे को आपबीती बताई।

जानकारी के अनुसार डेंडा निवासी अशोक मेघवाल के पास फोन आया। सामने से बोल रहे व्यक्ति ने खुद का नाम दीपक शर्मा बताते हुए कहा कि वह जयपुर चिकित्सा विभाग से बोल रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत राशि उनके खाते में जमा करवानी है, लेकिन एकाउंट की पूरी जानकारी नहीं होने से राशि जमा नहीं करवा पा रहे हैं। विश्वास में आकर अशोक ने अपने काका घीसाराम पुत्र छोगाराम मेघवाल से बात करवाते हुए उनके बैंक एकाउंट की फोटो, एटीएम की फोटो बताए गए नम्बर पर सोशल मीडिया के जरिए सेंड की।

इसके बाद महज कुछ मिनटों में ही घीसाराम के एकाउंट में जमा 2649 रुपए निकाल दिए गए। कुछ इसी तरह का फोन डेंडा गांव के अनुपाराम पुत्र भूराराम मेघवाल के पास आया। उसको भी उसने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत खाते में रुपए जमा करवाने का झांसा देकर उससे भी बैंक एकाउंट, एटीएम कार्ड व मोबाइल पर आने वाला ओटीपी नम्बर लेकर खाते से 2900 रुपए निकाल लिए। खाते में 2932 रुपए ही थे।

गांव के 15 से अधिक लोगों को किया फोन
ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत खाते में रुपए जमा करवाने का फोन गांव के करीब 15 लोगों के पास आया। अधिकतर ने अपने बैंक एकाउंट व एटीएम की जानकारी नहीं दी, लेकिन अनुपाराम व अशोक उसके झांस में आए गए।

आरोपी के पास था मोबाइल डाटा
आशंका जताई जा रही है कि फोन करने वाले युवक के पास प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत लाभान्वित होने वाले लोगों का डाटा था। जिसके चलते उसने ऐसे लोगों को फोन कर झांस में लेने का प्रयास किया।

Published on:
01 Apr 2019 03:28 pm