पाली

गौतम ऋषि ट्रस्ट की आम बैठक 30 को, समाज के विकास पर होगा मंथन

पोसालिया @ पत्रिका. मीणा समाज ग्यारह परगना सिरोही, पाली एवं जालोर के सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक विकास को लेकर श्री गौतम ऋषि ट्रस्ट की आम बैठक 30 नवंबर को आयोजित होगी। सिरोही जिले के चोटिला स्थित…
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:54 PM IST
गौतम ऋषि ट्रस्ट की आम बैठक 30 को, समाज के विकास पर होगा मंथन

पोसालिया. मीणा समाज ग्यारह परगना सिरोही, पाली एवं जालोर के सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक विकास को लेकर श्री गौतम ऋषि ट्रस्ट की आम बैठक 30 नवंबर को आयोजित होगी। सिरोही जिले के चोटिला स्थित श्री गौतम ऋषि महादेव मंदिर परिसर गौतम धाम में सुबह 10 बजे होने वाली बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष रताराम मीणा करेंगे।

ट्रस्ट की ओर से 24 नवंबर को जारी आम सूचना के अनुसार बैठक में तीनों जिलों के समाजबंधुओं, वरिष्ठ पंच-पटेलों, सरपंचों, मुखियाओं, ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।

मेले की आय-व्यय और बचत राशि पर चर्चा

बैठक में वर्ष 2025 के वार्षिक मेला उत्सव का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2026 के मेला उत्सव का हिसाब भी रखा जाएगा। दोनों वर्षों के मेला उत्सव की संयुक्त बचत राशि के लिए कोष गठन और उसके उपयोग पर चर्चा होगी। भविष्य में इस राशि का समाज के विकास कार्यों में किस प्रकार उपयोग किया जाए, इस पर समाजबंधुओं से सुझाव लिए जाएंगे।

साथ ही वर्ष 2025 एवं 2026 के दौरान छात्रावासों, मंदिरों और अन्य सामाजिक संस्थाओं को आवंटित आर्थिक सहायता राशि के उपयोग का विवरण भी बैठक में रखा जाएगा। संबंधित संस्थाओं से उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) एवं ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने के संबंध में विचार-विमर्श होगा। इसके माध्यम से सहायता राशि के सदुपयोग और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

शिक्षा और सामाजिक विकास पर होगा मंथन

बैठक में समाज के छात्रावासों की व्यवस्थाओं, शैक्षणिक सुविधाओं, धार्मिक स्थलों के विकास, सामाजिक भवनों के रखरखाव और विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्यों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर भी प्रबुद्धजन सुझाव रखेंगे।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:54 PM IST
Published on: