पाली

नकली के संदेह में घी से भरी लोडिंग जीप पकड़ी

जांच में भेजा जाएगा घी का सैम्पल
less than 1 minute read
Jun 10, 2019
patrika
जांच में भेजा जाएगा घी का सैम्पल

सुमेरपुर (पाली). सुमेरपुर थाना पुलिस ने शनिवार रात को नकली के संदेह में घी से भरी लोडिंग जीप पकड़ी। पुलिस घी के नमूने की एफएसएल जांच करवाएगी। जांच में नकली पाया गया तो सप्लायर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें ६९० किलो विभिन्न ब्रांड का घी भरा हुआ था। सुमेरपुर थानाधिकारी गौतम जैन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उप निरीक्षक नरसीराम ने शहर के खेड़ादेवी मंदिर के समीप घी के टीन से भरी एक लोडिंग जीप को रोका। जीप सवार सुमेरपुर निवासी लुम्बाराम पुत्र मोहनलाल कुम्हार से पूछताछ की तो उसके पास कोई बिल नहीं मिला। जीप से घी के श्रीवल्लभ ब्रांड के २० टीन, विनित ब्रांड का एक टीन, ३ कर्टन से १-१ लीटर के ४५ बॉक्स, सरस घी के २ टीन, ३ कर्टन से ५-५ लीटर के ४ टीन, ५ कर्टन से १-१ लीटर के ७५ बॉक्स, ६ कर्टन से आधा-आधा लीटर के १८० बॉक्स व २ कर्टन से २०० एमएल के १५० बॉक्स मिले। इसे जब्त कर लिया गया। पुलिस इसकी जांच कर रही है। फिलहाल किसी प्रकार का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। गाड़ी भी जब्त की हुई है।
शातिर नकली घी कारोबारी के खिलाफ एक और मुकदमा
गत सप्ताह सुमेरपुर थाना पुलिस ने १७८५ किलोग्राम नकली घी के साथ जाखोडा निवासी रुपसिंह पुत्र विशनसिंह राजपूत व संतोषपुरी पुत्र चुनपुरी गोस्वामी को गिरफ्तार किया था। रूप सिंह शातिर नकली घी का कारोबारी है। उसके कब्जे से पूर्व में नकली के संदेह में घी जब्त किया गया था। उस घी के नमूने को जांच के लिए भेजा गया, जो नकली निकला। इस पर उसके खिलाफ रविवार को एक और मामला दर्ज किया गया।

Published on:
10 Jun 2019 07:07 am