
चैनराज भाटी
पाली . अवैध शराब व जहरीली शराब बिक्री के मामले में संवेदनशील पाली जिले में शराब की अवैध फैक्ट्री खुलने की खबर ने आबकारी विभाग की नींद उड़ा दी है। आबकारी विभाग ने अपने तमाम मुखबिर इसे पकडऩे के लिए लगा दिए हैं, लेकिन तस्कर उन्हें हाथ नहीं लग रहे हैं। जबकि पाली में सात साल पूर्व शराब दुखांतिका हो चुकी हैं। दर्जनभर लोग जहरीली शराब के कारण जान गंवा चुके हैं। पुलिस भी इस खतरे से बेखबर है। यह माल शहर की कच्ची बस्तियों में बिकने की खबर के बाद लगातार इन बस्तियों में दबिश दी जा रही है, साथ ही कबाडि़यों के ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है कि खाली पव्वे सबसे ज्यादा किस क्षेत्र से आ रहे हैं।
हां खबर है, पकडऩे का प्रयास
हां, अवैध फैक्ट्री की मुखबिरी मिली है, फिलहाल तस्करों का ठिकाना तलाशने में कामयाबी नहीं मिली। लगातार प्रयास जारी है। इपीएफ को भी अलर्ट किया गया है।
- जीआर सुथार, जिला आबकारी अधिकारी, पाली।