
बगड़ी नगर. कस्बे सहित आसपास के गांवों में इनदिनों बजरी माफिया सक्रिय है। रोक के बावजूद धड़ल्ले से बजरी खनन व परिवहन किया जा रहा है। बगड़ी नगर, पीपलाद, बींझागुड़ा, देवली हुल्ला, लाड़पुरा, केरखेड़ा, बडा गुड़ा, सेहवाज, दादिया आदि गांवो में बजरी माफिया चांदी कूट रहे हैं। रोक होने के कारण ये मुंहमांगी कीमत वसूल रहे हैं। बजरी माफिया रात के अंधेरे में स्थानीय लीलड़ी नदी में जेसीबी मशीने लगाकर अंधाधुंध बजरी खनन कर रहे हैं। पुलिस व खनन विभाग की उदासीनता के चलते बजरी माफिया के हौसले बुलंद है। कांग्रेस ओबीसी जिला प्रकोष्ठ के जिला महासचिव कालू खां घोसी ने जिला कलक्टर को शिकायतकर सोजत क्षेत्र में अवैध बजरी खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने जब्त किया बजरी से भरा ट्रैक्टर
रायपुर मारवाड़. अब तक रात के अंधेरे में बजरी खनन करने वाले खननकर्ताओं ने अब दिन के उजाले में ही बजरी का व्यापार शुरू कर दिया। सोमवार को चांवडिय़ा गांव में चल रहे अवैध बजरी खनन पर कुशालपुरा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बजरी से लदा ट्रेक्टर ट्रोली जब्त किया। कुशालपुरा चौकी प्रभारी रोहिताश मीणा को सूचना मिली कि चांवडिय़ा गांव में कुछ व्यक्ति दोपहर में ही बजरी खनन कर रहे है। मीणा ने चांवडिय़ा नदी में जाकर दबिश दी। पुलिस ने बजरी से लदा ट्रेक्टर ट्रोली जब्त किया। पुलिस ने ये ट्रेक्टर ट्रोली चौकी लाकर खड़ा करवा खनिज विभाग को सूचना दी है। कुशालपुरा चौकी प्रभारी मीणा ने पिछले दिनो आसरलाई के पास रात्रि में नाकाबंदी कर बजरी से लदे तीन डम्पर जब्त किए थे। मीणा ने बताया कि बजरी खनन के खिलाफ धरपकड़ अभियान जारी रखा जाएगा।
फिर भी अनदेखी
बजरी खनन को लेकर अब तक पुलिस की कार्रवाई ही सामने आई है जबकि खनिज विभाग अनदेखी बरत रहा है। इधर,कलक्टर के आदेश के बावजूद राजस्व अधिकारी बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कोई रूचि नहीं दिखा रहे है।
हादसे के बाद चोरी की जीप छोड़ भागे
रायपुर मारवाड़ . थाना क्षेत्र के सबलपुरा रोड पर रविवार रात जीप ने बाइक को चपेट में ले लिया। जीप सवार बदमाश जीप को वहीं छोड़ फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि जीप पिछले दिनों जैतारण से चुराई गई थी। थानाप्रभारी सवाईसिंह राठौड़ ने बताया कि सोमवार को सुबह सूचना मिली कि सबलपुरा रोड पर सडक़ किनारे जीप व क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी है। पुलिस जीप व बाइक को थाने लाई। पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो सामने आया कि बाइक के टक्कर मारने वाली जीप चोरी की है। यह जीप पिछले दिनों जैतारण से चोरी हुई थी।