पाली

पाली में नए उद्योगों के प्रति बढ़ा रुझान, 10 करोड़ से ज्यादा के लघु उद्योग लगेंगे

-मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना में जिला उद्योग केन्द्र से 26 उद्योगों को स्वीकृति
2 min read
Mar 04, 2020
पाली में नए उद्योगों के प्रति बढ़ा रुझान, 10 करोड़ से ज्यादा के लघु उद्योग लगेंगे
पाली में नए उद्योगों के प्रति बढ़ा रुझान, 10 करोड़ से ज्यादा के लघु उद्योग लगेंगे

पाली. टेक्सटाइल नगरी में अब नए उद्योग-धंधे लगाने के प्रति रुझान बढ़ रहा है। कपड़ा उद्योग में उतार-चढ़ाव के चलते नए लघु उद्योगों की संभावनाएं भी तेजी से बढ़ी है। मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के तहत पिछले एक माह में तीन दर्जन से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 26 उद्योगों को जिला उद्योग केन्द्र से स्वीकृति मिली है। सभी आवेदन लोन के लिए विभिन्न बैंकों में भिजवाए गए हैं। संभवतया, प्रदेश में नए लघु उद्योग लगाने वालों में अब तक अव्वल माना जा रहा है।

ग्रामीण अंचल में भी लगेंगे उद्योग
अधिकांशतया अब तक उद्योग केवल शहरों में ही स्थापित होते रहे हैं। अब ग्रामीण अंचलों में भी उद्योग लगाने के प्रति जागरूकता बढ़ी है। ग्रामीण इलाकों में कई नए उद्योग भी स्थापित करने की कवायद चल ही है। इससे ग्रामीण अंचलों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। गांवों में श्रमिकों की उपलब्धता भी सहज होगी। उद्योगों के लिए मिले आवेदनों में सुमेरपुर, खैरवा, लांबिया, सोजत, मारवाड़ जंक्शन इत्यादि गांवों और कस्बों से आवेदन मिले हैं। कई उद्योग पाली शहर में भी लगेंगे।

उद्योग समागम से मिला प्रोत्साहन
जिला उद्योग केन्द्र के तत्वावधान में पिछले दिनों पाली व फालना में उद्योग समागम का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्यमंत्री लघु प्रोत्साहन योजना के बारे में प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही उद्यमियों को निवेश के लिए भी प्रोत्साहित किया गया था।

ये लगेंगे उद्योग
पेपर निर्माण उद्योग, टेक्सटाइल वस्त्र प्रोसेसिंग, हार्डवेयर उत्पाद, मिनरल ग्राइडिंग, कृषि प्लास्टिक पाइप, पापड़ बड़ी उद्योग, रत्न आभूषण, आइयन-बार चैनल, एंगल प्लेट पाइप, रेडिमेड वस्त्र, कम्प्यूटर उपकरण मरम्मत, पेपर उत्पाद, मेहंदी कटाई, दुग्ध प्रसंस्करण

ये हैं योजना
-योजना के तहत नए उद्योग, उद्योग का विस्तार, विविधिकरण, आधुनिकीकरण इत्यादि किया जा सकेगा।
-उत्पाद व सेवा क्षेत्र के उद्योग शामिल है।
-टे्रडिंग के लिए भी एक करोड़ तक का लोन दिया जाएगा।
-25 लाख तक के निवेश पर ब्याज में 8 प्रतिशत अनुदान सरकार देगी।
-25 लाख से 5 करोड़ रुपए तक के प्रोजेक्ट पर 6 फीसदी ब्याज में अनुदान
-5 करोड़ से 10 करोड़ तक के प्रोजेक्ट पर ब्याज में 5 फीसदी अनुदान
-
सकारात्मक परिणाम
मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के रुझान सकारात्मक आ रहे हैं। अल्प समय में ही योजना के प्रति लोगों ने रुचि दिखाई है। कई नए उद्योग भी लगाए जा रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उद्यमियों को अनुदान भी दिया जा रहा है।
सैय्यद रज्जाक अली, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, पाली

Published on:
04 Mar 2020 07:01 am