पाली

कांग्रेस की ममता विश्नोई बनीं उप जिला प्रमुख, भाजपा की जशोदा देवासी हारीं

जालोर पत्रिका। जिला प्रमुख चुनाव के बाद उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की। गुरुवार को हुए चुनाव में कांग्रेस की ममता विश्नोई उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। उन्होंने भाजपा की जशोदा…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:20 PM IST
Mamta bishnoi

जिला प्रमुख चुनाव के बाद उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की। गुरुवार को हुए चुनाव में कांग्रेस की ममता विश्नोई उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। उन्होंने भाजपा की जशोदा देवासी को शिकस्त दी। चुनाव में ममता विश्नोई को 32 वोट मिले, जबकि जशोदा देवासी को 12 मत प्राप्त हुए। सुबह से ही उप जिला प्रमुख चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में गहमागहमी रही। नामांकन प्रक्रिया में कांग्रेस की ममता विश्नोई और भाजपा की जशोदा देवासी ने आवेदन दाखिल किया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित हुआ, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। जीत के बाद समर्थकों ने जश्न मनाया।

बस से पहुंचे कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य

जिला प्रमुख चुनाव की तरह उप जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य बस से कलक्ट्रेट पहुंचे। जिला परिषद सभा भवन में जांच के बाद सदस्यों को प्रवेश दिया गया। इस दौरान जिला प्रमुख आसुराम देवासी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुखराज पाराशर, जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल, प्रभारी सुमन यादव, प्रदीप सिंह सियाणा और नैन सिंह राजपुरोहित मौजूद रहे। नामांकन के बाद कलक्ट्रेट परिसर में समर्थकों की भीड़ जुटी रही।

भाजपा के दोनों दांव नहीं चले

जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा ने जातीय समीकरण साधने की रणनीति के तहत दोनों पदों पर अलग-अलग समुदाय के प्रत्याशी मैदान में उतारे। जिला प्रमुख पद पर भाजपा ने विश्नोई समुदाय के हरदानाराम को प्रत्याशी बनाया, जबकि कांग्रेस ने देवासी समुदाय के आसुराम को मैदान में उतारा। कांग्रेस के बहुमत के चलते आसुराम देवासी जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। उप जिला प्रमुख पद पर भाजपा ने देवासी समुदाय की जशोदा देवासी को प्रत्याशी बनाया, जबकि कांग्रेस ने विश्नोई समुदाय की युवा ममता विश्नोई पर दांव खेला। यहां भी कांग्रेस को सफलता मिली। दोनों पदों पर जीत के साथ कांग्रेस ने देवासी और विश्नोई समुदाय के समीकरण साधने की कोशिश की, वहीं भाजपा को बहुमत के अभाव में दोनों पदों पर हार का सामना करना पड़ा।

बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना लक्ष्य

नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख ममता विश्नोई ने कहा कि जिले के विकास में सहभागी बनने का अवसर मिला है और वे जिम्मेदारी पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। विशेष रूप से बालिका शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े जालोर जिले में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। संगठन की रीति-नीति के तहत सौंपे जाने वाले कार्यों और दायित्वों को भी पूरी जिम्मेदारी से निभाने का प्रयास रहेगा।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:20 PM IST
Published on: