
सोमेसर. सांवलता गांव में बुधवार को विद्युत पोल पर कार्य करते समय अचानक करंट लगने से लाइनमैन नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय रही। क्योंकि कुछ वर्ष पूर्व मृतक लाइनमैन इंटनदरा मेड़तिया निवासी प्रकाश कुमार (30 ) के पिता गीगाराम मीणा की भी ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई थी। मृतक प्रकाश अपने पिता की जगह सरकारी नौकरी पर लगा था। बुधवार को सांवलता कस्बे के महादेव मन्दिर के परिसर में बिजली के पोल पर कार्य करते समय प्रकाश कुमार (30 ) पुत्र गीगाराम मीणा को अचानक करंट लग गया। पोल से नीचे गिरते ही उसकी मौत हो गई।
सडक़ पर पड़ी बजरी बनी बाइक सवार की मौत का कारण
लुणावा. करणवा गांव के निकट सडक़ पर बिखरी बजरी एक युवक की मौत का कारण बन गई। युवक की बाइक फिसलने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार लुणावा निवासी मुकेश कुमार (24) पुत्र चुन्नीलाल मेघवाल बुधवार अपराह्न करीब चार बजे मिरगेश्वर पंचायत के सोनवा बांध से घर आ रहा था। रास्ते में पड़ी बजरी पर उसकी बाइक फिसल गई। इससे वह नीचे गिरा और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया।
एक दिन पहले ही घर आया था मुकेश
मुकेश अहमदाबाद में कार्य करता था। जो मंगलवार को ही गांव आया था। ऐसे में परिवार में खुशी का माहौल था। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ सोनवा बांध घूमने गया था और वापस घर लौटते समय हादसा हो गया।