
पाली। शहर के बापू नगर विस्तार में शनिवार रात करीब 8 बजे एक ज्वेलर्स की दुकान पर बोगस ग्राहक बनकर आए तीन जनों ने ज्वैलर को बंधक बनाकर रिवाल्वर दिखाई और तिजोरी से लाखों रुपए सोना व दो लाख की नकदी लूटकर भाग गए। लुटेरों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी करवाई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। ज्वेलर्स ने पुलिस को बताया कि लुटेरे करीब आधा से एक किलो के बीच सोना लेकर भागे हैं। समाचार लिखे जाने तक उसने रिपोर्ट नहीं दी।
पहले एक जना आया, फिर दो को बुलाया
कोतवाली थाना प्रभारी गौतम जैन ने बताया कि शहर के बापू नगर विस्तार गली में किशन सोनी की माता रानी नाम से ज्वेलर्स की दुकान है। वह रात 8 बजे अकेला ही दुकान पर बैठा था। इस दौरान एक जना जेवरात लेने दुकान में गुस्सा। कुछ देर बैठने के बाद उसने अपने परिचितों को बुलाने का कहकर दो जनों को कॉल कर बुलाया। तीनों के मुंह बंधे हुए थे। उन्होंने उन्होंने किशन को अकेला देख रिवाल्वर दिखाकर धमकाया और उसका भी मुंह बांध दिया। लुटेरे की तिजोरी से लाखों रुपए सोना और दो लाख नगदी लूटकर भाग गए। सूचना पर सीओ सिटी निशांत भारद्वाज व कोतवाली थाना प्रभारी गौतम जैन मौके पर पहुंचे और शहर व जिले में नाकाबंदी करवाई।
सीसीटीवी डीवीआर भी लेकर भागे
पुलिस ने बताया कि लुटेरे अपने साथ दुकान में लगी सीसीटीवी की डीवीआर लेकर भाग गए। पुलिस दुकान के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
रैकी करने का संदेह
पुलिस का कहना है कि ज्वैलर्स की लुटेरों ने पहले रैकी की। पिछले तीन-चार दिन से ज्वेलर्स किशन दुकान पर अकेला ही रहता था। संभवत: इसकी जानकारी लुटेरों को थी। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
गत दिनों भी हुई थी व्यापारी को लूटने का प्रयास की घटना
शहर के आदर्श नगर-जनता कॉलोनी के बीच गत दिनों अनाज व्यापारी गणेशराम सीरवी के साथ भी कुछ लुटेरों ने रिवाल्वर दिखाकर लूटने का प्रयास किया था, लेकिन व्यापारी के चिल्लाने से लुटेरे भाग गए थे। यह वारदात भी नहीं खुली है। इस तरह की वारदातों से आमजन में दहशत है।