
पाली के जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपने पहुंचे मृतक राघवेन्द्र के परिजन और समाज के लोग (फोटो: पत्रिका)
Pali School Accountant Raghvendra Sharma Death Case: पाली शहर के प्राइवेट स्कूल में अकाउंटेंट 30 साल के राघवेन्द्र शर्मा के फंदे पर लटके मिलने के मामले में पुलिस शुक्रवार को भी किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। परिजनों से लंबी समझाइश के बाद वे पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इसके बाद मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने घटनास्थल का दोबारा मौका मुआयना कराया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राघवेन्द्र के गले पर रस्सी के फंदे के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिन्हें मौत का प्राथमिक कारण माना गया है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
घटना के दूसरे दिन भी परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर डटे रहे। उनका कहना है कि राघवेन्द्र की ओर से छोड़े गए कथित सुसाइड नोट में स्कूल की प्रिंसिपल और प्रबंधन समिति पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में संबंधित लोगों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। इस संबंध में परिजनों और ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर प्रिंसिपल नीता सोनी सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल ट्रस्ट के अध्यक्ष कुशलचंद डागा ने बताया कि स्कूल के बैंक खाते से करीब 51 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए हैं। उनके अनुसार बैंक लेनदेन के लिए अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के पास ओटीपी भेजा जाता है, लेकिन इस बार मोबाइल के बजाय ओटीपी स्कूल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर प्राप्त करने का विकल्प चुना गया था।
शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों के साथ-साथ स्कूल के रिकॉर्ड जलाने, बैंक खाते से धनराशि ट्रांसफर होने और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
निशांत भारद्वाज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पाली
घटना के दूसरे दिन भी राघवेन्द्र की मां पुष्पादेवी और पत्नी साक्षी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। साक्षी अपने दोनों मासूम बच्चों के साथ गुमसुम बैठी रही। दोपहर बाद जब पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो पूरे परिवार की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के विलाप से वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
Updated on:
27 Jun 2026 11:22 am
Published on:
27 Jun 2026 11:22 am
