1993 से अधिक स्कूलों में सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ आयोजन
प्रदेश के साथ जिले के स्कूलों में गुरुवार सुबह 10:30 बजे से 11 बजे के बीच इतिहास रचा गया। पाली जिले के 1993 से अधिक स्कूलों में 2 लाख 60 हजार से अधिक विद्यार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, विद्यालयों के कार्मिक आदि ने सूर्य नमस्कार किया। इसको लेकर शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। प्रशिक्षकों की ओर से विद्यालयों में सूर्य नमस्कार करवाया गया। समग्र शिक्षा के सहायक निदेशक सोहनलाल भाटी ने बताया कि सूर्य नमस्कार सरकारी के साथ सभी निजी स्कूल में भी करवाया गया। कई जगह पर जिला स्तरीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भी सूर्य नमस्कार में भाग लिया।
यहां जिला स्तरिय सूर्य नमस्कार का हुआ आयोजन
पाली के बांगड़ स्कूल में जिला स्तरिय सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य बसंत परिहार ने बताया कि स्कूल के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार करवाया। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ स्कूल के शिक्षक व स्टाफ मौजूद रहे। शहर की बालिया बालिका स्कूल के साथ अन्य स्कूलों में भी छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ सूर्य नमस्कार में भाग लिया।
इन बातों का रखा ख्याल
-सूर्य नमस्कार में छात्राएं सलवार सूट, ट्रेक सूट, छात्र पेंट-शट या ट्रेक सूट पहनकर आए।
-छात्र व छात्राओं के लिए सूर्य नमस्कार करते समय अलग-अलग व्यवस्था की गई।
-आयोजन स्थल का समतलीकरण, सफाई व जल की व्यवस्था स्कूल की ओर से करवाई गई।
-विद्यार्थियों व अन्य लोगों के लिए चटाई आदि की व्यवस्था भी स्कूल स्तर पर की गई।