पाली

सडक़ हादसे में जलकर कंकाल बने बाइक सवार की हुई पहचान

-मृतक जालोर निवासी अजहरुद्दीन उर्फ पिंटू मुसलमान
1 minute read
Aug 27, 2018
road accident in pali
सडक़ हादसे में जलकर कंकाल बने बाइक सवार की हुई पहचान

साणड़ेराव/पाली। फोरलेन हाइवे पर रविवार की शाम एक ट्रोला व कंटेनर की टक्कर के दौरान दोनों वाहनों के बीच में जिंदा जलने वाले बाइक सवार की पहचान सोमवार को हो गई। बाइक सवार अजहरुद्दीन उर्फ पिंटू मुसलमान पुत्र ताज मोहम्मद उम्र 21 वर्ष निवासी जालोर के रूप में हुई है। मृतक के परिजन सोमवार अलसुबह साणड़ेराव अस्पताल पहुंचें जहां मृतक के अधजले कंकाल का पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। बाइक पर अजहरुद्दीन के साथ उसका मित्र गोविंद सैन पुत्र किशोर सैन उम्र 21 वर्ष निवासी जालोर था जो हादसे के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसका प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक होने पर उसे उदयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ऐसे हुआ हादसा
सांडेराव थाने के एएसआई मूलाराम मीणा ने बताया कि सीमेंट के कट्टों से भरा एक ट्रोला लेकर चालक सुमेरपुर से पाली की तरफ आ रहा था। सांडेराव से कुछ आगे एक पेट्रोल पम्प के निकट ट्रोला अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ दूसरी दिशा में सडक़ पर पहुंच सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया था। ट्रक के आगे बाइक पर चल रहा एक युवक बाइक सहित दोनों वाहनों में बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लगने से वह बाइक सहित जिंदा जल गए थे। अन्य वाहन चालकों ने बताया कि बाइक पर एक युवक और था। उसे उपचार के लिए सुमेरपुर अस्पताल पहुंचाया गया था। बाद में हालत गम्भीर होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया था।

चालक का अभी तक नहीं लगा सुराग
ट्रोला-कंटेनर के बीच हुए हादसे के बाद वाहनों के चालक मोके से फरार हो गए थे। जिनका सोमवार दोपहर तक कोई सुराग नहीं लगा है। जिसकी पुलिस तलाश कर रहीं हैं। इधर, घटना के बाद दोनों वाहनों को मौके से हटाने के लिए पुलिस मशक्कत करती नजर आई।

Published on:
27 Aug 2018 01:31 pm