पाली

कांग्रेस आदतों से बाज नहीं आई तो संकल्प रैली सफल नहीं होने दी जाएगी – राजावत

-गौरव यात्रा को लेकर राजावत ने जिले के रायपुर में ली बैठक
2 min read
Aug 29, 2018
Rajasthan Gaurav Yatra in pali
कांग्रेस आदतों से बाज नहीं आई तो संकल्प रैली सफल नहीं होने दी जाएगी - राजावत

पाली। विधायक भवानी सिंह राजावत ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कांग्रेस अगर अपनी आदतों से बाज नहीं आई तो भाजपा कार्यकर्ता एवं आम जनता कांग्रेसी की संकल्प रैली को राजस्थान में हीं भी सफल नहीं होने देंगे। जिस तरह पीपाड़ शहर में गौरव यात्रा पर पत्थर बरसाकर कांग्रेस कार्यकताओं ने ओछी हरकत की है, उसको लेकर संयमित भाजपा कार्यकर्ता उद्वेलित हो गए हैं। ये तब हुआ जब मारवाड़ की धरती पर हजारों लोग गौरव यात्रा में राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का अभूतपूर्व विकास करवाने पर भारी आभार प्रकट कर रहे थे।

विधायक राजावत आज गौरव यात्रा के दौरान पाली जिले के रायपुर कस्बे में जनता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजस्थान की धरती पर यात्राओं का गौरवशाली इतिहास रचा है। पहली परिवर्तन यात्रा में 120 सीटें और दूसरी सुराज संकल्प यात्रा में आजादी के बाद पहली बार 162 सीटें हासिल करने का इतिहास रचा है। गौरव यात्रा को मेवाड़ा की धरती पर जनसमर्थन का जिस तरह का सैलाब उमड़ा, उससे कांग्रेस की आंखें खुली रह गई है। कांगे्रस का सत्ता हासिल करने का उसका सपना चकनाचूर हो गया और वैसे ही अब मारवाड़ की धरती पर लोग अपनी तकदीर की बागडोर वसुंधरा राजे के हाथ में देने के लिए आतुर हैं।

राजावत ने कहा कि कांग्रेस में न कोई नेता है और न कोई नेतृत्व है और मुख्यमंत्री पद को लेकर अभी से ही अशोक गहलोत और सचिव पायलट सडक़ों पर साण्डों की तरह लड़ रहे हैं। ऐसे आपस में लडऩे वाले लोगों के हाथों में जनता राज नहीं सौंपेगी। एक ओर वसुंधरा जी का कुशल नेतृत्व में पूरी पार्टी एकजुट होकर चुनाव के मैदान में है, वहीं दूसरी ओर 50 साल का राज करने वाली कांग्रेस जिसने बरसों तक गरीब को गरीब ही रखा। आज भाजपा ने उन गरीबों को पैरों पर खड़ा कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया है, वहीं पूरे राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा इतनी जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की है, जिनकी राज्य में बाढ़ आ गई है। पूरे प्रदेश में 20 हजारा कि.मी. सडक़ों का जाल फैल गया है जिसे देखकर ही लोग आश्चर्यचकित हैं। मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा रसोई योजना अभी तो लाखों लोगों की भूख मिटा रही है, लेकिन वो दिन दूर नहीं जब कोई गरीब सूखा नहीं सोयेगा। विधायक राजावत ने आज जैतारण में गौरव यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री राजे का जलदाय मंत्री सुरेन्द्र गोयल, सांसद हरिओम सिंह राठौड़ एवं अन्य कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया गया।

Published on:
29 Aug 2018 08:49 pm