
सुमेरपुर। भारुन्दा गांव में वृद्धा चुन्नीबाई (70) पत्नी वीराराम घांची की हत्या के विरोध में मंगलवार को ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर महिलाओं व अन्य ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया और रास्ता रोका। उन्होंने शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद वे शांत हुए। पुलिस को हत्या के राजफाश के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया। आश्वासन के बाद शव उठाया गया। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पुत्र की रिपोर्ट पर मामला दर्जकर जांच शुरु की है।
मंगलवार सुबह दस बजे भारुन्दा से विभिन्न वाहनों से सैकड़ों ग्रामीण व घांची समाज के लोग सुमेरपुर पहुंचे। यहां लोगों ने थाने के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने व ग्रामीण इलाके में पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। मामला बिगड़ता देख पुलिस उपाधीक्षक कानसिंह भाटी, सुमेरपुर थानाप्रभारी सुमेरसिंह इन्दा, तखतगढ़, साण्डेराव व नाना थाने से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थी। महिलाओं ने रास्ता रोक दिया। इससे यातायात जाम हो गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश की। उपखण्ड अधिकारी विनोदकुमार मल्होत्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले के शीघ्र राजफाश का आश्वासन दिया। समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया और शव उठा लिया।
इधर, बहू सहित तीन आरोपी रिमाण्ड पर
साण्डेराव. साण्डेराव थाना क्षेत्र के सिन्दरू गांव में 70 वर्षीय भीकीदेवी पत्नी मुलाराम कुमावत की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी बहू व दो अन्य को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें सात दिन के रिमाण्ड पर भेज दिया गया। उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार सास भीकी देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक दिन पूर्व आरोपी बहू मुलीदेवी व उत्तरप्रदेश हाल मुबंई निवासी संतोष दुबे व पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया था।
तीनों से घटनास्थल की तस्दीक करवाई गई। उनसे पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि सिन्दरू गांव में 13 जुलाई की रात भीकीदेवी की हत्या कर दी थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वृद्धा का ओढऩी से दोनों हाथ बंधे हुए तथा गले पर निशान थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। इसके बाद मृतका की बहू सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया।