Pali News: राजस्थान के पाली जिले में सड़क हादसे में सात दिन पहले घायल बेटे की मौत के बाद उसकी मां ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
Pali News: राजस्थान के पाली जिले के रोहट क्षेत्र में रेडियो नदी के पास हुए सड़क हादसे में सात दिन पहले घायल बेटे की मौत हो गई तो 23 फरवरी को उसकी मां ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दरअसल, हादसा 12 फरवरी को उस समय हुआ जब पाली शहर की इंद्रा कॉलोनी विस्तार निवासी फईमन बानो (75) को तबीयत बिगड़ने पर जोधपुर रैफर किया था। उन्हें बांगड़ अस्पताल से एम्बुलेंस में जोधपुर ले जाया जा रहा था।
रास्ते में रोहट क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के चलते लगाए डाइवर्जन बोर्ड से एम्बुलेंस टकरा गई। हादसे में फईमन बानो, उनका बेटा अब्दुल लतीफ (57), भतीजा रिजवान अली (35), बेटी मदीना (25) और एक नर्सिंगकर्मी घायल हो गए थे। सभी घायलों को जोधपुर में भर्ती कराया था।
हादसे में गंभीर घायल अब्दुल लतीफ पुत्र अब्दुल सत्तार की 17 फरवरी की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं उनकी मां फईमन बानो का जोधपुर अस्पताल में उपचार चल रहा था। सोमवार सुबह उन्होंने भी दम तोड़ दिया। मां-बेटे की मौत से परिवार में शोक की लहर है।