
पाली/रोहट। जिले के रोहट कस्बे में रामपुरा रोड पर गत दिनों सडक़ हादसे में घायल हुए व्यक्ति की जोधपुर के अस्पताल में सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई, उपचार के दौरान एक दिन के लिए मरीज को पाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, यहां से डिस्चार्ज की पर्ची पर गलत तारीख अंकित हो गई। इससे शव का पोस्टमार्टम अटक गया। परिजन मंगलवार दोपहर में पाली के नगर परिषद के निकट स्थित निजी अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे। पुलिस की समझाइश व अस्पताल प्रशासन द्वारा पर्ची पर सहीं तारीख लिखने के बाद मामला शांत हुआ। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
यह चला घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार रोहट थाना क्षेत्र के भाकरीवाला निवासी ताराराम पुत्र भैराराम बावरी अपनी पत्नी, बच्ची के साथ 11 मार्च को बाइक पर रोहट की तरफ आ रहा था। रामपुरा रोड पर एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ताराराम बावरी घायल हो गया और उसके पैर में फ्रेक्चर भी हुआ। रोहट सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से उपचार कर जोधपुर रैफर कर दिया गया। जोधपुर मथुरादास माथुर अस्पताल में ताराराम को चार दिन भर्ती रख कर पैर का ऑपरेशन कर 15 मार्च का छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। 16 मार्च के दिन घर पर ताराराम बावरी की तबीयत खराब हुई तो परिजन उसे पाली के नगर परिषद के निकट स्थित गली में एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उसे सोमवार को दो घंटे तक भर्ती रखा और जोधपुर रैफर कर दिया गया। इस दौरान निजी अस्पताल ने डिस्चार्ज पर्ची पर 16 मार्च की जगह 17 मार्च लिख दिया और उन्हें रवाना कर दिया।
16 मार्च को ही मथुरादास माथुर अस्पताल में ताराराम की मौत हो गई। अस्पताल से बिना पोस्टमोर्टम के ही शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। परिजन शव लेकर वहां से रवाना होकर रोहट पहुंचे तो यहां शव का पोस्टमोर्टम करवाने का निर्णय किया। शव रोहट अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, शाम होने से 16 मार्च को शव का पोस्टमोर्टम नहीं हुआ। मंगलवार की सुबह रोहट अस्पताल में चिकित्सकों ने शव का पोस्टमोर्टम करवाने के लिए पर्ची देखी तो निजी अस्पताल की डिस्चार्ज पर्ची में 17 मार्च अंकित था, ऐसे में चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम से मना कर दिया। यह देख मृतक के परिजन भडक़ गए। वे पाली के नगर परिषद के निकट स्थित निजी अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे।
सूचना पर सीओ सिटी नारायणदान मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। अस्पताल ने अपनी गलती स्वीकार की और पर्ची में सुधार किया। इसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस दौरान भाकरीवाला सरपंच अमराराम बेनीवाल, कालूराम बावरी, मिश्रीलाल बावरी, रोहट थाानाधिकारी कमलेश गहलोत सहित ग्रामीण मौजूद थे। ताराराम के भाई लक्ष्मण की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।