पाली

पीएम के दौरे ने छुड़ा दिया है अधिकारियों कर्मचारियों का पसीना, ऐसे जुटे है व्यवस्था में…यहां पढ़े खबर

पीएम के दौरे ने छुड़ाया पसीना, भीड़ जुटाने में जुटा अमला  
2 min read
Jul 04, 2018
Pm Visit in jaipur
पीएम के दौरे ने छुड़ा दिया है अधिकारियों कर्मचारियों का पसीना, ऐसे जुटे है व्यवस्था में...यहां पढ़े खबर

पाली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 7 जुलाई को जयपुर दौरे ने जिला प्रशासन को कई तरह की व्यावहारिक मुश्किलों में डाल दिया है। संभवत: यह ऐसा पहला आयोजन होगा, जिसमें भीड़ जुटाने से लेकर सभी तैयारियां प्रशासन के जिम्मे डाली गई है। प्रशासनिक अधिकारी पिछले एक सप्ताह से पीएम दौरे की तैयारियों में दौड़-धूप कर रहे हैं। अकेले पाली जिले को 6 हजार 400 लाभार्थियों को जयपुर भेजने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए करीब 150 बसों का इंतजाम किया गया है। हालांकि, भाजपा के पदाधिकारी भी तैयारियों में जुटने का दावा कर रहे हैं, लेकिन पूरी मशक्कत प्रशासन करता दिख रहा है।

लाभार्थियों को ढूंढऩे लगाई टीमें

जिला प्रशासन का पूरा अमला इन दिनों लाभार्थियों को ढ़ूंढऩे में लगा है। उपखण्ड अधिकारियों और विकास अधिकारियों को लाभार्थियों की सूची तैयार करने और उन्हें जयपुर चलने के लिए राजी करने का जिम्मा दिया गया है। ग्राम सेवक और पटवारी भी विभिन्न योजनाओं में शामिल लाभार्थियों की सूचियां खंगाल रहे हैं। बारिश के कारण कई लाभार्थी खेती-किसानी में जुट गए हैं। ऐसे में इन्हें जयपुर ले जाने के लिए मान-मन्नौवल करनी पड़ रही है। कई योजनाओं के लाभार्थी बुजुर्ग और नि:शक्त भी है। उन्हें ले जाने के लिए भी मुश्किल होगी।

भामाशाहों के भरोसे भोजन

दूर-दराज वाले लाभार्थियों को 6 जुलाई की शाम यहां से बसों द्वारा रवाना करना प्रस्तावित है। बर के निकट विभिन्न स्थलों पर इनके ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। रात्रि विश्राम करने वाले लाभार्थियों के भोजन की व्यवस्था भामाशाहों से करवाई जाएगी। इसके लिए भी भामाशाहों को जिम्मा दिया जा रहा है।

इन्होंने कहा...

पीएम के दौरे में लाभार्थियों को ले जाने का जिम्मा जिला प्रशासन को दिया हुआ है। हालांकि पार्टी स्तर पर भी तैयारियां चल रही है। कार्यकर्ता भी जयपुर पहुंचेंगे, लेकिन वे अपने स्तर पर। पाली जिले से काफी बड़ी तादाद में कार्यकर्ता शरीक होंगे।

सुनील भंडारी, जिला महामंत्री, भाजपा

Published on:
04 Jul 2018 03:15 pm