पाली

लीड- सांचौर के पास सरनाऊ में नए औद्योगिक क्षेत्र की तैयारी, 46 हैक्टेयर सरकारी भूमि का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा

Aug 01, 2026
Rajasthan

पत्रिका एक्सक्लूसिव
- वर्तमान में गुजरात से पहले केवल सांचौर में ही एक औद्योगिक क्षेत्र, भविष्य में कृषि आधारित उद्योगों के विकास के लिए बेहतर विकल्प

रिपोर्ट-खुशालसिंह भाटी
जालोर पत्रिका
जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में रीको ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। सांचौर से करीब 20 किलोमीटर दूर सरनाऊ में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की संभावनाएं तलाशते हुए विभागीय स्तर पर 46 हेक्टेयर सरकारी भूमि का प्रस्ताव 26 जुलाई 2026 को मुख्यालय भेज दिया गया है। प्रस्ताव पर मुख्यालय स्तर पर तकनीकी और प्रशासनिक जांच के बाद इसे राज्य सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया शुरू होगी। सरनाऊ की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए इसे भविष्य के औद्योगिक केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।

गुजरात सीमा से पहले अहम कोरिडोर
गुजरात सीमा के निकट होने के कारण यहां कृषि आधारित उद्योग, एग्रो प्रोसेसिंग इकाइयों के साथ अन्य लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए भी बेहतर संभावनाएं मानी जा रही हैं। यदि यह परियोजना साकार होती है तो सांचौर क्षेत्र के औद्योगिक विस्तार को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

46 हेक्टेयर भूमि का भेजा प्रस्ताव
सरनाऊ में 46 हेक्टेयर सरकारी भूमि औद्योगिक क्षेत्र के लिए चिह्नित की गई है। इसके लिए 26 जुलाई 2026 को रीको ने मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। इसे मुख्यालय स्तर पर क्वेरी और परीक्षण के बाद सरकार को भेजा जाएगाा। स्वीकृति मिलने पर प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

सरकारी भूमि को ही बनाया आधार
रीको ने प्रस्ताव तैयार करने से पहले राजस्व रिकॉर्ड का अध्ययन कर केवल सरकारी भूमि को ही चिह्नित किया है। निजी भूमि अधिग्रहण की जटिलताओं से बचने के लिए विभाग ने उपलब्ध सरकारी जमीन का चयन किया, ताकि भविष्य में परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

डावल में जमीन नहीं मिलने से अटका था मामला
राज्य बजट घोषणा के तहत पहले डावल में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाई गई थी। विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूरी कर ली गई थीं, लेकिन प्रस्तावित भूमि गोचर होने और पर्याप्त वैकल्पिक जमीन उपलब्ध नहीं होने से परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद अब सरनाऊ को नए विकल्प के रूप में सामने लाया गया है।

सरनाऊ बन सकता है नया औद्योगिक हब
सांचौर के बाद सरनाऊ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से गुजरात सीमा से सटे इलाके में उद्योगों का नया केंद्र विकसित हो सकता है। बेहतर सडक़ संपर्क और कृषि उत्पादन वाले क्षेत्र के कारण यहां एग्रो आधारित उद्योगों के साथ अन्य विनिर्माण इकाइयों के लिए भी अनुकूल माहौल बनने की संभावना है।

जिले में अभी यहां औद्योगिक क्षेत्र
विभागीय जानकारी के अनुसार जालोर शहर में तीन, बिशनगढ़ में एक औद्योगिक क्षेत्र, भीनमाल में एक औद्योगिक क्षेत्र, सांचौर में एक औद्योगिक क्षेत्र है। जबकि बीठन में बजट घोषणा के बाद औद्योगिक क्षेत्र स्थापित हो चुका है, जो फिलहाल प्रारंभिक चरण में है।

इन्होंने कहा
औद्योगिक विकास के लिए सरनाऊ में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना होनी है। 46 हैक्टेयर सरकारी जमीन को चिह्नित कर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी गई है।
- अवनीश सोनी, एसआरएम, रीको, जालोर

Updated on:
01 Aug 2026 06:00 am
Published on:
01 Aug 2026 06:00 am