पाली

अच्छी खबर : प्रदेश में सत्ता बदलते ही पाली के उद्योगों को लगने लगे ‘पंख’

-रोहट, सांडेराव व ढोला में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र
2 min read
Jan 08, 2019
Feature image

पाली। सत्ता परिवर्तन के बाद अब रोहट, साण्डेराव और ढोला में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को पंख लगते दिखाई दे रहे हैं। तीनों जगह औद्योगिक क्षेत्र जल्द विकसित हुए तो तीस से चालीस हजार लोगों को सीधा रोजगार मिल सकेगा। नई सरकार ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। पाली आए रीको एमडी गौरव गोयल ने इसके संकेत दिए हैं। रोहट का औद्योगिक क्षेत्र पाली के विकास में मिल का पत्थर साबित होगा। तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार ने वर्ष 2011 में रोहट में गैर प्रदूषित औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की अवधारणा रखी थी। करीब 2274 बीघा जमीन पर यहां उद्योग-धंधे स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 1347 बीघा जमीन किसानों से अवाप्त की जा चुकी है। शेष जमीन सरकारी है। पिछले सात साल से यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट सरकार के स्तर पर पेंडिंग है। जबकि किसानों से अवाप्त की गई जमीन में अधिकांश का मुआवजा भी दिया जा चुका है।

ढोला-साण्डेराव में रोजगार को मिलेगी रफ्तार
ढोला व साण्डेराव में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र भी इस सरकार की प्राथमिकता माना जा रहा है। साण्डेराव में 52.14 हैक्टेयर और ढोला में 35.33 हैक्टेयर जमीन पर उद्योग बसाए जाएंगे। फालना नगर पालिका में भू परिवर्तन को लेकर प्रोजेक्ट अटका पड़ा है। वहीं ढोला की सरकारी जमीन का मांग पत्र सरकार के पास विराचाधीन होने के कारण प्रोजेक्ट गति नहीं पकड़ पाया। अब सरकार ने सक्रियता दिखाई है। यहां दोनों जगह गैर प्रदूषित इकाइयां स्थापित होंगी। इससे रोजगार के अवसर बड़ी मात्रा में उपलब्ध होंगे।

गोचर से अटका है पेच
रोहट में 927 बीघा सरकारी जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करना प्रस्तावित है। इसमें 550 बीघा जमीन गोचर है। गोचर को सिवायचक में बदलने के लिए रीको का एक प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन है। रीको गोचर के बदले में दूसरी जमीन देगा। गोचर की किस्म बदले बिना रीको का प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पाया है। अब नई सरकार से उम्मीद जगी है। सरकार ने रोहट प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए गंभीरता दिखाई है। सरकार के पास विचाराधीन प्रस्ताव पर ाी जल्द मोहर लगाई जा सकती है।

रोहट- औद्योगिक क्षेत्र
कुल जमीन - 2247 बीघा
कुल भूखण्ड - 2000 से 2200
कुल संभावित रोजगार - 33000

साण्डेराव- औद्योगिक क्षेत्र
कुल जमीन - 52.14 हैक्टेयर
कुल भूखण्ड - 200
कुल संभावित रोजगार - 3000 से 4000

ढोला- औद्योगिक क्षेत्र
कुल जमीन - 35.33 हैक्टेयर
कुल भूखण्ड - 160
कुल संभावित रोजगार - 2500 से 3000


तीनों स्थानों पर प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों में मिलेंगे रोजगार के अवसर

जल्द विकसित करेंगे औद्योगिक क्षेत्र
रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। रोहट, ढोला व साण्डेराव में औद्योगिक क्षेत्र प्रस्तावित है। सरकार की मंशा है कि यहां जल्द से जल्द उद्योग विकसित किए जाएं। ताकि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मुहैया करवाया जा सके। तीनों जगह आ रही अड़चने जल्द दूर की जाएंगी। तीनों औद्योगिक क्षेत्र सरकार की प्राथमिकता में है। -गौरव गोयल, एमडी, रीको

रोजगार के अवसर मिलेंगे
तीनों औद्योगिक क्षेत्र महत्वपूर्ण है। बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होगा। रोहट और ढोला के लिए सरकार के स्तर पर प्रकरण विचाराधीन है, जबकि साण्डेराव में भूमि परिवर्तन को लेकर नगर पालिका स्तर पर प्रकरण पेंडिंग है। सरकार का प्रयास है कि तीनों जगह जल्द उद्योग लगाए जाएं। इसके लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। -ए.के. सक्सेना, आरएम, रीको

Published on:
08 Jan 2019 02:41 pm