पाली

बीकानेर व जोधपुर संभाग की सीटों के लिए राणकपुर में रायशुमारी, हर पदाधिकारी से मांगे तीन नाम

वसुंधरा राजे की सरकार को एक बार फिर से टिकाए रखने की कवायद में रविवार को पहले दिन बीकानेर संभाग और जोधपुर संभाग के विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की गई।
2 min read
Oct 14, 2018
Rajasthan Ka Ran

रमेश शर्मा/राजेन्द्रसिंह देणोक/रणकपुर (पाली)। वीर प्रसूता भूमि पर वसुंधरा राजे की सरकार को एक बार फिर से टिकाए रखने की कवायद में रविवार को पहले दिन बीकानेर संभाग और जोधपुर संभाग के विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की गई।

रणकपुर कैम्प के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से उनकी पसंद के उम्मीदवारों के नाम तो मांगे ही, उनमें चुनावी मैदान में बाजी मारने के लिए जोर-शोर से जुटने का मंत्र भी फूंका। प्रत्याशियों के नाम तय करने को लेकर बीजेपी चुनाव प्रबंधन समिति ने राणकपुर के एक निजी होटल में बीकानेर संभाग की 24 और जोधपुर जिले की 7 सीटों के लिए रायशुमारी की कई।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक गजेन्द्रसिंह शेखावत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी वी सतीश समेत समिति के सदस्यों ने प्रत्येक सीट के लिए फीडबैक लिया।

रविवार सुबह 11 बजे शुरू हुए फीडबैक कार्यक्रम में सर्वप्रथम चुरू जिले के पदाधिकारियों को बुलाया गया। बाद में हनुमानगढ़, बीकानेर, श्रीगंगानगर और जोधपुर शहर व देहात के पदाधिकारियों से जिलेवार और विधानसभावार रायशुमारी की गई। रायशुमारी के दौरान पार्टी के पदाधिकारियों से साफ तौर पर कहा गया कि हर हाल में चुनाव जीतना है।

इसके लिए केंद्र और राज्य की योजनाओं को हर मतदाता तक पहुंचाने को भी कहा। पार्टी पदाधिकारियों को लाभार्थियों से नियमित संपर्क करने और कमजोर बूथों पर ज्यादा ध्यान देने की नसीहत दी गई। सीएम ने ये भी कहा कि कांग्रेस द्वारा परसेप्शन बना दिया गया कि ये सरकार जा रही है। उन्होंने जोश भरते हुए परसेप्शन खत्म करने का आह्वान किया। पर्ची पर लिए तीन तीन नाम, दावेदारों को रखा दूर जिलावार बैठकों के दौरान सभी प्रत्याशियों से विधानसभावार फीडबैक अलग से लिया गया।

इस दौरान हर एक पदाधिकारी से संभावित दावेदारों के तीन-तीन नाम पर्ची पर लिखवाए गए। इस दौरान दावेदारी करने वालों को दूर रखा गया ताकि जमीनी फीडबैक मिल सके। इसके लिए हर विधानसभा पर दो कॉर्डिनेटर नियुक्त किए गए।

कई सीटों पर सामने आई नाराजग़ी बीकानेर संभाग की रायशुमारी के दौरान रतनगढ़ और सुजानगढ़ सीट पर मौजूदा विधायक को लेकर नाराजगी सामने आई।

बीकानेर पश्चिम के पदाधिकारियों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक गोपाल जोशी से नाराजगी जताई कि ‘अब ये नहीं हुआ वो नहीं हुआ’ नहीं सुनना चाहती। ये भी सामने आया कि कुछ अन्य विधायकों के प्रति भी पदाधिकारियों ने असंतोष जताया है।

Updated on:
14 Oct 2018 07:40 pm
Published on:
14 Oct 2018 07:40 pm