
पत्रिका लाइव पड़ताल...
पाली। विधानसभा चुनाव में पाली जिले की कई विधानसभा क्षेत्रों में कुछ इलाके व बस्तियां ऐसी है, जहां चुनावी दौर में एक ही रात में नतीजा बदलने के आरोप अक्सर लगते रहे हैं। पुलिस, प्रशासन व निर्वाचन आयोग आज तक यहां कुछ नहीं कर पाया। पाली विधानसभा क्षेत्र, जैतारण विधानसभा क्षेत्र का पत्रिका ने दौरा किया तो फिर वहीं सच सामने आया कि इन इलाकों में मतदाताओं को लुभाने के लिए हर प्रयास किया जा रहा है। कहीं प्रत्याशी की प्रचार सामग्री घर-घर वितरित कर मतदाताओं को लुभाया जा रहा है तो कहीं शराब व अन्य सामग्री। चुनाव आते ही इन इलाकों के लोगों की आवभगत शुरू हो जाती है।
नया गांव सांसी बस्ती
शहर के ट्रांसपोर्ट नगर एरिया में बसे नया गांव सांसी बस्ती हर चुनाव में अलग पहचान रखती है। यहां मतदाताओं को शराब, रुपए व अन्य सामग्री वितरित कर लुभाने के आरोप लगते रहे हैं। बुधवार को जब पत्रिका का टीम वहां पहुंची और बस्तिवासियों से बात की तो पता चला कि यहां मंगलवार रात से शराब का वितरण शुरू हो गया है। जिस परिवार के पास ज्यादा वोट है, उन्हें और भी प्रलोभन दिए जा रहे है। हर मुख्य प्रत्याशी की नजर इस बस्ती पर है। रात के अंधेरे में यहां कच्चे रास्ते से शराब परोसी जा रही है। शहर के सोसायटी नगर, मंडिया रोड स्थित बीपीएल कॉलोनी, रामदेव रोड, बजरंगबाड़ी, इंदिरा कॉलोनी, भटवाड़ा, मंडिया गांव जैसे इलाकों को भी यहीं हाल है।
जिला कलक्टर से की शिकायत
पाली। जिला कलक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार शर्मा को कांग्रेस युवा नेता मनीष राठौड़ ने ज्ञापन सौंपा। जिसमें शिकायत की कि पीएनटी कॉलोनी में स्थित सरकारी स्कूल में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने एवं सुधारने के लिए शिविर आयोजित किया गया था। जिसमें स्वयं व पत्नी का नाम जोडऩे का फॉर्म भरकर बीएलओ को दिया था। जिसकी रसीद भी दी गई। लेकिन, दो दिन पूर्व निर्वाचन विभाग की ओर से घर पर पहुंची फोटोयुक्त रसीद में उसका व पत्नी का नाम नदारद था। ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई मांग की।