
पाली. निजी स्कूल से टीसी दिलाने की गुहार लेकर हाथों में गुलाब लेकर एडीएम के पास पहुंची स्मृति के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। एडीएम भागीरथ विश्नोई ने शुक्रवार को मासूम बालिका को उसकी टीसी दे दी। एलकेजी में पढऩे स्मृति अपने पिता के साथ गुरुवार को एडीएम कार्यालय पहुंची थी। जहां एडीएम को गुलाब का फूल देकर उसकी स्कूल से ऑनलाइन टीसी दिलवाने की मांग की थी। मासूम के पिता सुनील जांगिड़ ने बताया कि उसकी बेटी स्मृति जांगिड़ एक निजी स्कूल में एलकेजी में अध्ययनरत थी। इस शिक्षा सत्र 2018-19 में उसकी बेटी का आरटीआई के तहत एक अन्य निजी स्कूल में चयन हो गया। इस पर उसने पुरानी स्कूल के संचालक से स्कूल से ऑनलाइन टीसी जारी करने को कहा था। लेकिन, उसने इनकार कर दिया। इससे उसका प्रवेश नहीं हो पा रहा था। ये खबर शुक्रवार के अंक में राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित की गई तो शुक्रवार को निजी स्कूल संचालक ने स्मृति की टीसी एडीएम को दे दी। ये टीसी एडीएम ने मासूम स्मृति को दे दी।
खेलकूद में दिखाया उत्साह
पाली. डॉक्टर्स-डे के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओरसे कई कार्यक्रम किए गए। शाम को सभी चिकित्सकों व उनके परिवार के लिए डिस्ट्रिक्ट क्लब में खेलकूद प्रतियोगिताएं हुई। डॉ. योगी ने बताया कि शनिवार शाम को भी खेलकूद प्रतियोगिता जिसमें बैडमिंटन, टेबल-टेनिस व कैरम की प्रतियोगिताएं होगी। 1 जुलाई डॉक्टर्स डे के दिन सुबह चिकित्सकों द्वारा रक्तदान किया जाएगा। इसे लेकर आइएमए अध्यक्ष डॉ. एमएस लोढ़ा, डॉ. एमएस राजपुरोहित, डॉ. पारस खींची, डॉ. एचएम चौधरी, डॉ. नीरज लोढ़ा, डॉ. रमेश टिवानी, डॉ. एमपी सोलंकी, डॉ. विनोद धर्माधिकारी, डॉ. मदन राजपुरोहित, डॉ. एलएन सोनी, डॉ. महावीर सुराणा, डॉ. डीके जैन, डॉ. राजेंद्र सिंघवी तैयारियों में जुटे हैं।
एम्बुलेंस नर्सिंगकर्मियों ने सौंपा ज्ञापन
पाली. जिले में संचालित हो रही 108 एम्बुलेंस के नर्सिंगकर्मियों ने शुक्रवार को जिला कलक्ट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में अनुभव प्रमाण पत्र जल्द बनवाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि जिले में नर्सिंग स्टाफ भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई है। लेकिन, उन्हें सीमएचओ कार्यालय से अभी तक अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए है।