
Rajasthan Weather Update: प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। न्यूनतम तापमान में थोड़ा बदलाव होने के बावजूद सर्दी से अब धूजणी छूट रही है। प्रदेश के पर्यटन स्थल माउंट आबू में बुधवार को न्यूतनम तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पाली का तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन यहां की फिजाओं में सर्दी का असर कम नहीं हुआ।
माउंट आबू के साथ पाली जिले के अरावली की वादियों वाले क्षेत्र में सुबह के समय कई जगह पर वाहनों की छतों, खुले मैदानों, सोलर प्लेटों, उद्यानों, खेतों में खड़ी फसलों पर ओस की बूंदें जम गई। उधर, कई जगह पर कोहरा छाया रहा। इससे हाइवे व ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, मौसम विभाग की माने तो तापमान में अभी कोई विशेष बदलाव आने की संभावना नहीं है। प्रदेश के साथ जिले में मौसम शुष्क रहेगा।
आसमान साफ रहेगा
मौसम केन्द्र के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक मावठ की संभावना नहीं है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 16 दिसम्बर को हिमालय के क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। प्रदेश में ऐसी कोई आशंका नहीं है। हालांकि हिमालय में सर्दी बढ़ने पर प्रदेश में भी सर्दी का अहसास बढ़ेगा।