पाली

अरावली की वादियों में सजी सुरों की शाम, वन्यजीवों की अठखेलियों ने किया रोमांचित

Ranakpur-Jawai Dam Festival 2023: इंडियन आइडल फेम सवाई भाट व भपंग वादक मेहमूद खां की प्रस्तुतियों ने किया मंत्रमुग्ध। राजस्थानी पोशाक में सजी भावना सोनी मिस गोडवाड़श्री व महेंद्रसिंह राव सोजत बने गोडवाड़श्री।
3 min read
Dec 23, 2023
अरावली की वादियों में सजी सुरों की शाम, वन्यजीवों की अठखेलियों ने किया रोमांचित
अरावली की वादियों में सजी सुरों की शाम, वन्यजीवों की अठखेलियों ने किया रोमांचित

Ranakpur-Jawai Dam Festival 2023: अरावली की वादियों में सुरों संग भपंग वादन ने ऐसी राग छेड़ी कि देसी-विदेशी सैलानी मोहित हो गए। मौका था जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग व पालिका मण्डल की मेजबानी में आयोजित रणकपुर-जवाई बांध महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार का। इससे पहले वनपथ भ्रमण व जीप सफारी से कार्यक्रम का आगाज हुआ, जिसमें वन्यजीवों की अठखेलियों ने सैलानियों व प्रशासनिक अधिकारियों को रोमांचित किया। इसके साथ ही चम्मच दौड़, मूंछ का ताव, साफा बांधना, रस्साकशी, मटका दौड़ सहित कई स्पर्धाएं हुई। इधर, सूर्य मंदिर पुजारी महेश शर्मा ने भगवान सूर्य नारायण का आंगी श्रंगार किया।

कुम्भलगढ़ अभयारण्य कार्यवाह एसीएफ भैरूसिंह राठौड़, रेंजर किशनसिंह राणावत, ईश्वरसिंह, सतीश प्रजापत, कल्पेश शर्मा के सान्निध्य में जंगल सफारी व निशुल्क नेचर भ्रमण करवाया। माना रिसोर्ट के समीप हेलीपेड ग्राउंड पर विभिन्न स्पर्धाएं हुई। गोडवाड़श्री स्पर्धा में 25 प्रतियोगियों में से सोजत के महेंद्रसिंह राव गोडवाड़ श्री 2023 बने। वहीं सात प्रतिभागी महिलाओं में से भावना सोनी मिस गोडवाड़ श्री बनी। मूंछ का तांव स्पर्धा में नरसिंह चौहान पनोता प्रथम, धीरेन्द्रसिंह भैंसाणा द्वितीय, प्रकाशसिंह पाली व बुधराज तृतीय रहे। साफा बंधन में डिकेन्द्रसिंह प्रथम, अमरसिंह द्वितीय, श्रवण कुमार व मादाराम तृतीय तथा मटका दौड़ में प्रथम सुशीला, द्वितीय अंजली पंवार व तृतीय पायल देवड़ा रही। इसी प्रकार चम्मच दौड़ में हर्षिता प्रथम, योगेश बाफना द्वितीय व अंजली पंवार तृतीय तथा बेस्ट फोटो स्पर्धा में लक्ष्मण पारंगी प्रथम रहे। रस्साकशी में नेशनल एडवेंचर व ब्रीड क्लब के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। इसमें ब्रीड क्लब 2-1 से जीता। विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान श्रवणकुमार ने मशक वादन प्रस्तुति दी। गेर नृत्य कलाकार तगाराम की लाल आंगी गेर व उगमाराम की लाल गेर के बीच रोचक गेर नृत्य मुकाबला हुआ।

आस्ट्रेलिया व अर्जेंटीना के सैलानियों ने अश्व स्पर्धाओं में दिखाया दमखम
इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर खेल मैदान में हॉर्स इंडिया संयोजक डॉ. अजीतसिंह राव नारलाई, पर्यटन विभाग डॉ सरिता फिड़ौदा, डॉ. नथाराम, डॉ. परीक्षित पुरोहित, बस्तीमल हिंगड़ के सान्निध्य में अश्व दौड़ व प्रतिस्पर्धा हुई। विदेशी मेहमानों ने भी घोड़ों पर सवार होकर प्रतियोगिता में भाग लिया। घुड़दौड़ में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ती-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अश्व श्रंगार में प्रथम जोगेंद्र राणा- तिलक घोड़ा, द्वितीय सुरेन्द्र सिंह-अश्व ज्योति व रणजीत सिंह-घोड़ा कजरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डांस में प्रथम पवन जोधपुर- बादल, द्वितीय संदीप नांदेसमा व अजित कुमार-घोड़ा चांद ने तृतीय स्थान पाया। बाल एण्ड बकेट में प्रथम जोगेन्द्र कुमार, द्वितीय महेश बाली व तृतीय जाकिर हुसैन रहे। इसी तरह श्रेष्ठ घोड़ा-घोड़ी प्रतियोगिता में प्रथम हिम्मतसिंह राणावत- घोड़ा शगुन, द्वितीय कानसिंह नाणा व तृतीय रणजीतसिंह-घोड़ा ज्योति रहा।

शो पीस नजर आई हॉट एयर बैलून व एडवेंचर स्पोर्टस
हॉट एयर बैलून व एडवेंचर स्पोर्ट्स एक्टिविटी पर प्रशासनिक अधिकारियों के परिवारजनों व रसूखदारों का कब्जा रहा। पेरासिलिंग का सिर्फ डेमो प्रदर्शन किया। हॉट एयर बैलून के लिए इंतजार करते बच्चे व ग्रामीण निराश होकर लौट गए। हवा व लंच का बहाना बनाते हुए हॉट एयर बैलून एक्टिविटी को बन्द करा दिया।

इन्होंने की शिरकत
इस मौके सम्भागीय आयुक्त वंदना सिंघवी, जिला कलक्टर नमित मेहता, एडीएम जब्बरसिंह चारण, एडीएम जितेंद्र पांडेय, सिविल न्यायाधीश राजेन्द्रसिंह चारण, कार्यवाहक एसीएफ भैरूसिंह राठौड़, रेंजर किशनसिंह राणावत, बाली एसडीएम भागीरथ राम चौधरी, देसूरी तहसीलदार प्रवीण रतनू, नायब तहसीलदार शंकर परिहार, निर्णायक मुकेश राजपुरोहित, अजय कुमार, शरद कुमार, डॉ. राजेश राठौड़, डॉ. राजेन्द्र पुनमिया, सुरेशपुरी गोस्वामी, पटवारी परशराम जाट, डॉ परीक्षित पुरोहित, अधिशासी अधिकारी नरपतसिंह राजपुरोहित, किशन चौधरी, नरेंद्र हर्ष, मुकेशसिंह सोनाणा, हीरसिंह, रणकपुर पेढ़ी जसराज गहलोत, अमृत राव महेश शर्मा आदि ने सहयोग किया।

सवाई भाट व महमूद ने सजाई सांस्कृतिक शाम
देरशाम सूर्य मंदिर के मुक्ताकाशी मंच पर स्टार नाइट में इंडियन आइडल फेम कलाकार सवाई भाट व अलवर के भपंग वादक महमूद खां ने सांस्कृतिक शाम में अपने फन का जादू बिखेरा। दर्शकों की फरमाइश पर सवाई ने एक से बढ़कर एक गाने गाकर खूब गुदगुदाया। सवाई ने फिल्मी गीतों के साथ ही राजस्थानी गीतों, कव्वाली, गजल व सूफियाना गीत प्रस्तुत किए। स्टार नाइट्स का आयोजन सेलो ग्रुप के आर्थिक सहयोग से हुआ।

Published on:
23 Dec 2023 07:43 pm