पाली

पढे़ : एक तो डॉक्टर हड़ताल पर दुसरी और नि:शुल्क दवाईयों का भी टोटा…

- प्रतिदिन मौसमी बीमारी से बढ़ रही मरीजों की संख्या - मजबूरन अस्पताल के बाहर से खरीदनी पड़ रही दवाइयां
2 min read
• •
Updated: 22 Dec 2017, 12:26 PM IST
doctors strike

पाली. अस्पतालों में सेवारत चिकित्सकों की हड़ताल के बाद अब नि:शुल्क दवाइयों में कमी ने कोढ़ में खाज का ही काम किया है। इससे मरीजों को दोहरी मार उठानी पड़ रही है। पहले तो उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिल रही है। अब जब वे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं, तो उन्हें दवाइयों में कमी के चलते बाहर स्थित दुकानों से खरीद करनी पड़ रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। जिले में पिछले दिनों से जारी मौसम में बदलाव के साथ ही लोग मौसमी बीमारी की चपेट में आने लग गए हैं। पहले ही हड़ताल के कारण गांवों से मरीज जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं और अब मौसमी बीमारियों के बढऩे से भी बांगड़ अस्पताल की ओपीड बढऩे लग गई है। अब हालात ये है कि ओपीडी तो दो गुना तक बढ़ गई है, लेकिन दवाइयों में कमी पडऩे लग गई है। इसमें मौसमी बीमारी आधारित सर्दी-जुकाम की दवाइयां मुख्यत: है।

पहले कतार, फिर दवा के लिए मारामारी

डॉक्टरों की हड़ताल के कारण मरीजों को अपनी जांच के लिए पहले तो लम्बी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। इसके बाद अस्पताल में दवा नहीं होने से उन्हें बाहर से पैसे देकर दवा खरीदनी पड़ रही है। यूं तो सरकार की ओर से चिकित्सालयों में सभी तरह की दवाओं के नि:शुल्क उपलब्ध करवाने का दावा किया जा रहा है। लेकिन, हकीकत कुछ और ही है। अस्पतालों में दी जाने वाली नि:शुल्क सामग्री में से काफी सामग्री नहीं मिल रही है।

हर मरीज एक या दो दवा खरीद रहे बाहर से

अभी अस्पताल में सर्दी, जुकाम व बुखार के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे है। इसके चलते अस्पताल में भी मौसमी बीमारियों से जुड़ी दवाओं की आवश्यकता ही सबसे ज्यादा पड़ रही है। लेकिन, डॉक्टरों द्वारा लिखी जा रही मरीजों की दवाओं में मरीज को एक या दो दवा सहकारी केंद्र या बाहर से खरीदनी पड़ रही है।

इधर, सेवारत डॉक्टरों का नहीं मिल रहा सुराग

इधर, सेवारत डॉक्टरों को हड़ताल पर गए चार दिन हो चुके है। लेकिन, डॉक्टरों के अभी कार्य पर लौटने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे है। रेस्मा के चलते पुलिस भी डॉक्टरों की तलाश कर रही है। लेकिन, पुलिस को भी उनका सुराग नहीं लग रहा है।

मरीजों को नहीं आने दे रहे समस्या

- मौसमी बीमारी के चलते एक ही तरह के रोगों के मरीज ज्यादा आ रहे है। इससे कुछ दवाओं की कमी आई है। हमने अस्पताल की तरफ से डिमांड भेज रखी है। वहीं मेडिकल कॉलेज व सीनियर सेवारत डॉक्टरों द्वारा सेवा देने से जिला अस्पताल में मरीजों को समस्या नहीं आ रही है।

- डॉ. एमएस राजपुरोहित, अधीक्षक, बांगड़ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल

फैक्ट फाइल.....

नि:शुल्क दवा योजना पर एक नजर
दवाइयां - 605

सर्जिकल सामग्री - 146
दवाइयां उपलब्ध नहीं - 45 से 55

Published on: