
नाना @ पत्रिका. नाना-पिंडवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित रपट की हालत अत्यंत जर्जर हो गई है। पुलिया पर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं और जगह-जगह से पानी का रिसाव हो रहा है। यह मार्ग नाना, पिंडवाड़ा सहित आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन, स्कूली बसें, एम्बुलेंस और आमजन गुजरते हैं। इसके बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से संबंधित विभाग को पुलिया की खराब स्थिति से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। यदि तेज बहाव में रपट क्षतिग्रस्त हो गई तो मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो जाएगा और हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित होगा। ग्रामीणों ने प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से मानसून के दौरान किसी बड़े हादसे से पहले पुलिया का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की है।