
जोधपुर-पाली हाईवे पर भीषण सड़क हादसा। फोटो पत्रिका
Pali Rohat Road Accident : पाली/रोहट। जोधपुर-पाली नेशनल हाईवे पर स्थित रोहट थाना क्षेत्र के बांडाई गांव के निकट गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही राजस्थान रोडवेज की बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवकों की पहचान जोधपुर निवासी हेमू, कुशाल व प्रवीण के रूप में हुई है। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक को जोधपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार युवक किसी काम से जोधपुर से पाली की ओर जा रहे थे। बांडाई के पास अचानक कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सीधे आगे चल रही रोडवेज बस के पिछले हिस्से में घुस गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को घटना की सूचना दी। कुछ प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने यह भी बताया कि रोडवेज बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए थे।
हादसे में कार सवार तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों और रोहट थाना पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत रोहट के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एक युवक को जोधपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही रोहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है और मृतकों की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
Updated on:
23 Jul 2026 03:26 pm
Published on:
23 Jul 2026 03:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
