18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: पूर्व सरपंच ने चुकाया मिट्टी का कर्ज, जिस स्कूल से मिली जीवन को दिशा, वहीं बनवाया करोड़ों का नया भवन

पाली जिले के सिन्दरली गांव में समाजसेवा और शिक्षा के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिली है। पूर्व सरपंच व समाजसेवी गुलाब चौधरी और गणपत चौधरी ने अपने माता-पिता की स्मृति में उसी सरकारी स्कूल के लिए आधुनिक दो मंजिला भवन बनवाया है, जहां से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। 25 जुलाई को इसका लोकार्पण होगा।
2 min read
Google source verification

पाली

image

Kamal Mishra

Jul 18, 2026

Pali School

Pali School: पूर्व सरपंच के द्वारा बनवाया गया स्कूल भवन (फोटो-पत्रिका)

पाली। शिक्षा के प्रति समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण पाली जिले के सादड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिन्दरली में देखने को मिला है। जिस राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से जीवन की शुरुआती शिक्षा प्राप्त की, उसी विद्यालय को नई पहचान देने का बीड़ा उठाकर पूर्व सरपंच, जिला परिषद सदस्य एवं समाजसेवी गुलाब चौधरी तथा गणपत चौधरी ने अपने माता-पिता की स्मृति को स्थायी रूप देने का सराहनीय कार्य किया है।

दोनों समाजसेवियों ने अपनी माता जग्गीबाई चौधरी और पिता उदाराम चौधरी की स्मृति में सिन्दरली राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य दो मंजिला भवन का निर्माण कराया है। यह भवन अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराएगा। विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण 25 जुलाई को समारोहपूर्वक किया जाएगा।

विद्यालय का भवन हो चुका था जर्जर

जानकारी के अनुसार विद्यालय का पुराना भवन काफी जर्जर हो चुका था। इसके अलावा सड़क का स्तर विद्यालय परिसर से ऊंचा होने के कारण बरसात के मौसम में स्कूल में जलभराव की समस्या बनी रहती थी। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय संचालन दोनों प्रभावित होते थे। विद्यालय प्रबंधन समिति, ग्रामीणों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने इस समस्या के समाधान के लिए समाजसेवी गुलाब चौधरी से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने इसे सामाजिक दायित्व मानते हुए नए भवन के निर्माण का संकल्प लिया और निर्धारित समय में इसे पूरा भी करवा दिया।

10 विशाल कक्षाओं के साथ दो बड़े बहुउद्देश्यीय हॉल

नवनिर्मित भवन में 10 विशाल कक्षाओं के साथ दो बड़े बहुउद्देश्यीय हॉल बनाए गए हैं। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह दो मंजिला भवन विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा। इससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्षाएं मिलने के साथ शिक्षण गतिविधियों के संचालन में भी आसानी होगी।

यह वीडियो भी देखें :

माता-पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि

समाजसेवी गुलाब चौधरी ने कहा कि जिस विद्यालय ने उन्हें जीवन की दिशा और शिक्षा की मजबूत नींव दी, उसी विद्यालय के विकास में योगदान देना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी थी, उसे पूरा कर उन्हें आत्मिक संतोष मिला है। उनके अनुसार यह कार्य उनके माता-पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

स्कूल के प्रिंसिपल ने क्या कहा?

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश परमार ने बताया कि नए भवन के उपयोग में आने के बाद कक्षा 12 तक अध्ययनरत करीब 220 विद्यार्थियों को बेहतर बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त कक्षाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन आने वाले वर्षों तक क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगा।