15 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पाली में बेखौफ चोर: जैन मंदिर समेत 10 घरों के ताले तोड़े, मूर्तियां की खंडित

Pali News: पाली के धनला कस्बे में अज्ञात बदमाशों ने श्री शांतिनाथ जैन मंदिर सहित 10 घरों के ताले तोड़ दिए। दानपात्र की नकदी और मूर्तियों की सजावट का कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी की पूरी वारदात CCTV में कैद हुई। पुलिस, एमओबी टीम और साइबर एक्सपर्ट जांच में जुटे हैं।
3 min read
Google source verification

पाली

image

Arvind Rao

Jul 15, 2026

Pali Theft

पुलिस संग बैठक करते हुए लोग (पत्रिका फोटो)

धनला (पाली): पाली जिले के सीरियारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धनला कस्बे में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात बदमाशों ने मंगलवार रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जैन मोहल्ले में घुसे इन बेखौफ बदमाशों ने श्री शांतिनाथ भगवान जैन मंदिर के साथ-साथ करीब 10 सूने घरों के ताले चटकाए। चोरों ने मंदिर की दानपेटी और कीमती सामान पर हाथ साफ किया और मूर्तियों को उखाड़ने के प्रयास में उन्हें खंडित कर दिया। वारदात के बाद से ही पूरे गांव में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।

अलसुबह पुजारी के पहुंचने पर हुआ वारदात का खुलासा

घटना की जानकारी बुधवार अलसुबह उस समय सामने आई, जब मंदिर के नियमित पुजारी प्रकाश रावल हमेशा की तरह सुबह करीब सवा पांच बजे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार और अंदर के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। चोरी की आशंका के चलते उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को आवाज देकर इकट्ठा किया और मंदिर के पास ही स्थित जैन पेढ़ी के व्यवस्थापक धर्मेश पूनमियां को घटना की सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचे मौके पर

जैन पेढ़ी व्यवस्थापक की सूचना पर जोजावर चौकी पुलिस हरकत में आई। कांस्टेबल अशोक और प्यारेलाल के साथ एएसआई माधुराम देवासी तुरंत धनला पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को सूचित किया।

सूचना मिलते ही सोजत वृत्ताधिकारी (सीओ) रतन देवासी, उपखंड अधिकारी (एसडीएम) महावीर सिंह जोधा और सिरियारी थाना अधिकारी हुकमगिरी भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और चोरों की तलाश में सघन तफ्तीश शुरू कर दी। घटना की खबर पाकर पाली से जैन संघ के ट्रस्टी भरत कुमार देसरला और सुनीलकुमार देसरला भी धनला पहुंचे और अन्य ट्रस्टियों को इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से अवगत कराया।

सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई बदमाशों की करतूत

पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई और मंदिर पेढ़ी में लगे डीवीआर व सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो पूरी वारदात कैमरों में कैद मिली। फुटेज के आधार पर स्पष्ट हुआ कि रात 12:58 बजे बदमाशों ने जैन मोहल्ले में प्रवेश किया। आसपास की पूरी रेकी और संतुष्टि करने के बाद, तीन बदमाश रात 1:41 बजे मंदिर परिसर में दाखिल हुए। बदमाशों ने सबसे पहले दानपात्र का ताला तोड़ा और नकदी सहित मंदिर की सजावट में इस्तेमाल होने वाला कीमती सामान अपने थैलों में भर लिया।

उन्होंने मंदिर के गर्भ गृह से मूर्तियां उखाड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन मजबूती से स्थापित होने के कारण वे इसमें सफल नहीं हो सके। हालांकि, इस खींचातानी में गर्भ गृह में विराजित श्री शांतिनाथ भगवान और अन्य प्रतिमाएं खंडित हो गईं। शातिर बदमाशों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए जहां से भी गुजरे, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी। वापस लौटते समय उन्होंने टंकी वाले रास्ते पर स्थित एक जौहरी के मकान को भी निशाना बनाया और वहां रखा कीमती सामान चुरा ले गए।

एमओबी टीम और साइबर एक्सपर्ट्स ने डेरा डाला

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरियारी सीआई हुकमगिरी ने गांव और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही, पाली से एसआई नंदकिशोर के नेतृत्व में एमओबी (मोबाइल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच) की विशेष टीम को बुलाया गया है।

टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की जल्द धरपकड़ के लिए साइबर एक्सपर्ट्स की भी मदद ली जा रही है और संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

11 दिन में दूसरी बड़ी वारदात, ग्रामीणों में दहशत

धनला गांव में पिछले कुछ समय से चोरों के हौसले बुलंद हैं। महज 11 दिन के अंतराल में यह चोरी की दूसरी सबसे बड़ी वारदात है, जिससे आमजन में खौफ है। गौरतलब है कि इससे पहले 5 जुलाई को भी इसी गांव के सच्चियाय माता मंदिर रोड पर स्थित एक हार्डवेयर और सेनेटरी की दुकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया था।

लगातार हो रही इन घटनाओं से त्रस्त ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से जल्द से जल्द इन चोरियों का पर्दाफाश करने और सुरक्षा बढ़ाने की पुरजोर अपील की है। मौके पर मौजूद उपखंड अधिकारी महावीरसिंह जोधा ने आक्रोशित ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन इस मामले को लेकर बेहद गंभीर है। पुलिस पूरी सक्रियता और मुस्तैदी के साथ जांच में जुटी हुई है और जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।