
ओम टेलर
पाली/गोगुन्दा . उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चंदन चोर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चंदन के अलावा लकड़ी काटने के उपकरण व कार जब्त की। पूछताछ में आरोपियों ने अब तक उदयपुर, राजसमंद व पाली जिले में ९ वारदातें करना कबूला है। इनमें गोगुन्दा बाइपास के अलावा उदयपुर के मोहता पार्क,चीरवा गांव से, राजसमंद के नाथद्वारा, राजनगर, केलवा, चारभुजा, पाली के घाणेराव से, सादड़ी से चंदन के पेड़ चुराना बताया है।
गोगुंदा थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सुबह राणा गांव के निकट जाब्ते के साथ नाकाबंदी की, तभी मोखी गांव की ओर से आ रही एक वेन को रुकवाया। तलाशी के दौरान कार में पेड़ काटने के उपकरण व आरी मिली। पूछताछ में संतोषप्रद जवाब नहीं देने पर पुलिस ने चालक केलथरा गांव निवासी रोशनलाल पुत्र नवलराम सुथार, सांदर गांव निवासी मगनलाल पुत्र धीरा गमेती, शिवराम पुत्र मगा गमेती, रूपलाल पुत्रहकराराम गमेती, चुन्नीलाल पुत्र भेरा गमेती, विराराम पुत्र वंदा गमेती, सुरेश पुत्र भेरा गमेती पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने एक वर्ष मे 9 वारदातें कबूली।
कुएं से देर रात युवक का शव निकाला
सादड़ी . सिन्दरली-सरथूर सडक़ मार्ग स्थित एक कुएं में में गिरे युवक का शव मंगलवार देर रात कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकला जा सका। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हेड कांस्टेबल दलपतसिंह ने बताया कि सरथूर निवासी कीकाराम पुत्र भीखाराम मेघवाल (३५) कृषिकार्य करता था। मंगलवार को उसके कुएं में गिरने की सूचना मिली। इस पर देर रात सिन्दरली-सरथूर सडक़ मार्ग स्थित बेरा गुन्दरिया वाला अरठ पर बने कुएं से पानी निकलवाया गया। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।