पाली

बुझाई आग, रस्सी पर चलकर बचाई जान

आपदा प्रबंधन को लेकर स्काउट गाइड ने किया प्रदर्शन
2 min read
Nov 16, 2018
pali news scout
बुझाई आग, रस्सी पर चलकर बचाई जान

पाली. आग लगने पर दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और पानी डालकर व अग्निशमन यंत्र से आग बुझाई..., बाढ़ आई तो रस्सियों के सहारे चलकर लोगों की जान बचाने से नहीं डरे... और लोग घायल हुए तो तुरन्त स्ट्रेचर लेकर उनकी सहायता को दौड़ पड़े...। ऐसे ही नजारे शुक्रवार को राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय पाली के स्थानीय संघ बाली की ओर से द फेब इंडिया इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित उत्सव में नजर आए। इसमें स्काउट व गाइड के विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन को लेकर प्रदर्शन किया। उनकी हिम्मत व जज्बे को देखकर वहां मौजूद लोगों ने दांतों तले अंगुलियां दबा ली।

आपदा आने पर किस तरह लोगों की जान बचाई जा सकती है। कैसे स्वयं बचा जा सकता है और आपदा से कैसे निपटा जा सकता है। इसके तहत स्काउट गाइड ने आग बुझाने, उपलब्ध संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार कर घायलों को स्ट्रेचर पर ले जाने, पिरामिड बनाने, गैजेट तैयार करने, लाठियां और रस्सियों के सहारे पुल बनाने, टेंट लगाने के साथ अन्य कार्यों का प्रदर्शन किया। अपने क्रिया कलापों से जीवन जीने की कला सिखाई। अतिथि विकास अधिकारी बाली गोपालदास थे। संस्था प्रधान राजश्री सिंह ने बताया कि स्काउट गाइड की ओर से पहली बार विद्यालय में प्रदर्शन किया गया। जिसे वहां मौजूद विद्यार्थी और अध्यापक देखते रह गए। कई विद्यार्थियों ने तो स्काउट व गाइड से जुडऩे की इच्छा जताई। यह प्रदर्शन स्काउटर तरुण व गाइडर शर्मिला, संघ के रोवर लीडर प्रभु प्रजापति के निर्देशन मे किया गया।

आत्म निर्भर बनाने का करते हैं प्रयास

सीओ स्काउट गोविन्द मीणा ने बताया कि स्काउट गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्म निर्भर बनाने का प्रयास किया जाता है। उनको हर तरह का कार्य करने की सीख दी जाती है। इसके साथ ही स्काउट/गाइड के माध्यम से बालकों को आपदा के समय घबराने के बजाय उससे निपटने के गुर सिखाए जाते हैं। जिनका विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर अन्य विद्यार्थियों को भी स्काउट व गाइड से जुडऩे के लिए प्रेरित किया।

Published on:
16 Nov 2018 08:01 pm